फतेहाबाद जिले में नाै बजे तक 11.81 फीसदी मतदान, महिला मतदाता हुई बेहाेश

134a091ec0ff7b70e0e2977e5c893aa8

फतेहाबाद, 5 अक्टूबर (हि.स.)। फतेहाबाद जिले की तीनों विधानसभा सीटों फतेहाबाद, रतिया व टोहाना पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। फतेहाबाद जिले में सुबह 9 बजे तक 11.81 प्रतिशत मतदान हो चुका है। फतेहाबाद विधानसभा में सुबह 9 बजे तक जहां 13 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, वहीं रतिया विधानसभा में 9 बजे तक 12.50 प्रतिशत व टोहाना में 9.80 प्रतिशत लोग वोट डाल चुके हैं। जिले में सुबह से ही मतदान केन्द्रों के बाहर वोटरों की कतारें लगनी शुरू हो गई। वोटिंग को लेकर युवा मतदाताओं के साथ-साथ बुजुर्गों में भी काफी उत्साह नजर आ रहा है।

फतेहाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी बलवान सिंह दौलतपुरिया ने अपने परिवार के साथ फतेहाबाद के बिजली घर में बनाए गए पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला वहीं यहां से भाजपा प्रत्याशी दुड़ाराम ने गांव मोहम्मदपुर रोही में परिवार सहित मतदान किया। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कमल बिसला ने गांव ठुईयां में मतदान किया। टोहाना से भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र बबली अपने गांव बढ़ाईखेड़ा में मतदान के लिए पहुंचे और प्रदेश में भाजपा की जीत का दावा किया।

फतेहाबाद में महिला हुई बेहोश

फतेहाबाद शहर में सुबह मौसम में हलकी ठंडक थी, जिस कारण सुबह से ही लोग मतदान के लिए पहुंच गए थे। शहर के पब्लिक हैल्थ कार्यालय में बनाए गए बूथ नंबर 47 पर एक महिला मतदाता बेहोश हो गई है। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

3430 पीओ, एपीओ और पोलिंग ऑफिसर करवा रहे हैं मतदान

हरियाणा आम चुनाव के मद्देनजर जिला की तीनों विधानसभा क्रमश: टोहाना, फतेहाबाद व रतिया में चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां की है। पोलिंग करवाने के लिए 3430 पीओ, एपीओ और पोलिंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है। जिला के 708 पोलिंग बूथों पर 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान के लिए जिला की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 708 पोलिंग बूथ बना गए है। इनके लिए 3430 कर्मचारी नियुक्त किए गए है जो मतदाताओं के वोट डलवा रहे हैं। टोहाना विधानसभा क्षेत्र के 233 पोलिंग बूथों के लिए 1126, फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 244 पोलिंग बूथों के लिए 1185 तथा रतिया विधानसभा क्षेत्र के 231 पोलिंग बूथों के लिए 1119 प्रीजाइडिंग, अल्टरनेट प्रीजाइडिंग ऑफिसर तथा पोलिंग ऑफिसर लगाए गए है।

जिला में कुल मतदाता व सर्विस वोटर की संख्या

जिला की तीनों विधानसभा क्षेत्र में 7 लाख 18 हजार 349 मतदाता है। इसके अलावा तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 1509 सर्विस वोटर भी शामिल है। टोहाना विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 31 हजार 884 मतदाता है जिनमें से एक लाख 21 हजार 781 पुरूष, एक लाख दस हजार 100 महिला तथा तीन ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। इस विधानसभा क्षेत्र में 435 पुरूष और 17 महिला मतदाताओं के साथ कुल 452 सर्विस वोटर भी है। फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 58 हजार 978 मतदाताओं में से एक लाख 36 हजार 452 पुरूष, एक लाख 22 हजार 516 महिला तथा दस ट्रांसजेंडर है। इस विधानसभा क्षेत्र में 633 पुरूष व 14 महिलाओं के साथ कुल 647 सर्विस वोटर है। रतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल दो लाख 27 हजार 487 मतदाताओं में से एक लाख 18 हजार 810 पुरूष, एक लाख 8 हजार 670 महिला तथा 7 ट्रांसजेंडर शामिल है। इस विधानसभा क्षेत्र में 399 पुरूष व 11 महिलाओं के साथ 410 सर्विस वोटर भी शामिल है।

जिला के 56 गांवों में 171 क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन

जिला की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 56 गांवों की 72 लोकेशन पर कुल 171 क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन बनाए गए है। टोहाना विधानसभा क्षेत्र के 23 गांवों के 30 स्थानों पर 64 क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन है। फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 16 गांवों के 23 स्थानों पर 65 क्रिटिकल स्टेशन तथा रतिया विधानसभा क्षेत्र के 17 गांवों के 19 स्थानों पर 42 क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन बनाए गए है। क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन पर प्रशासन द्वारा अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा को लेकर 2200 पुलिस कर्मियों को किया तैनात

जिला में विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न करवाने के लिए 2200 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें एक एसपी, पांच डीएसपी, 17 इंस्पेक्टर, 120 सब इंस्पेक्टर व एएसआई, 170 हवलदार, 1000 सिपाही व 823 होमगार्ड आदि शामिल है। इसके अलावा 8 अर्धसैनिक बल की कम्पनियां जिसमें हर कम्पनी में 90 जवान शामिल हैं, जिला भर में चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखे हुए हैं। 27 पेट्रोलिंग पार्टी, 10 स्टैटिक्स सर्विस टीम (एसएसटी) व 24 फ्लाइंग स्क्वायड टीम तैनात है। सभी पेट्रोलिंग पार्टी वाकी टॉकी सेट व हथियारों से लैस हैं।