अधिकारियों को चेतावनी, कार्यों में तेजी लायें, यदि गुणवत्ता से हुआ समझौता, तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित, केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज सर्किट हाउस, फतेहपुर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़कों, पुलों, आवास, जलापूर्ति, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य जी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि विकास कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरे हों, ताकि आम जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान कुछ विभागों में अपेक्षित प्रगति न होने पर उप मुख्यमंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यों में तेजी नहीं लाई गई और गुणवत्ता से कोई समझौता हुआ, तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी जनसेवक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।
उप मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा नियमित रूप से फील्ड में जाकर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं गरीब, किसान, मजदूर और आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए हैं और इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर भी उप मुख्यमंत्री जी ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था एवं जनसमस्याओं का समाधान भी प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।