अखिलेश यादव वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के लिए आगे आएं : केशव मौर्य

अखिलेश यादव वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के लिए आगे आएं : केशव मौर्य

मथुरा में श्री मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि हम कल भी कहते थे और आज भी कहते हैं कि अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वह वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए आगे आना चाहिए और इसके लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा करने से शायद समाजवादी पार्टी की राजनीतिक डूबती नैया को कुछ सहारा मिल जाए और उसकी 2017 वाली राजनीतिक स्थिति बची रह जाए, हालांकि समाजवादी पार्टी की राजनीति पर भरोसा करना मुश्किल है।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है। अन्य राजनीतिक दल भी इस प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र नागरिकों को अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि जिनकी आयु मतदाता बनने की निर्धारित पात्रता पूरी करती है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। श्री मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके अपनी पसंद की अच्छी सरकार चुन सकता है। इसलिए कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

Tags: