केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों में मॉडल संकुल स्तरीय संघ के एम.आई.एस. सहायकों एवं लेखाकारों का दस दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाने तथा ग्रामीण महिलाओं को संस्थागत एवं वित्तीय रूप से सशक्त बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में मॉडल संकुल स्तरीय संघ के एम.आई.एस. सहायक एवं लेखाकारों का दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सोमवार को क्षेत्रीय ग्राम विकास संस्थान, बक्शी का तालाब में प्रारंभ हुआ। दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान एम.आई.एस. सहायकों एवं लेखाकारों को संघ के अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, आंकड़ों के संकलन एवं प्रबंधन, डिजिटल प्रणाली के उपयोग, वित्तीय लेखांकन, आय-व्यय के विवरण, पारदर्शिता तथा जवाबदेही से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही संघ के दैनिक कार्यों के प्रभावी संचालन, वित्तीय अनुशासन और संस्थागत प्रबंधन की प्रक्रियाओं पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
मिशन निदेशक श्री अरुण कुमार के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मॉडल संकुल स्तरीय संघ के कैडर को तकनीकी, वित्तीय एवं प्रबंधकीय दृष्टि से दक्ष बनाना है, जिससे वे संघ की गतिविधियों का सुचारु एवं प्रभावी संचालन कर सकें। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों की कार्यक्षमता, तकनीकी समझ और वित्तीय प्रबंधन संबंधी दक्षताओं को विकसित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन, आजीविका संवर्धन तथा स्वयं सहायता समूहों की संस्थागत मजबूती के लक्ष्यों को गति मिल सके।