Sitapur Double Murder: खाने की थाली पर बिछ गईं लाशें! भाई ने ही भाई-भाभी को चाकू से गोदकर मार डाला, पूरे गांव में सन्नाटा
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बुधवार की काली रात रिश्तों का खून हो गया। महज खाने को लेकर शुरू हुई एक छोटी सी बात ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में तबाह हो गया। धर्मनगरी नैमिषारण्य के पास स्थित ठाकुरपुरवा गांव में एक कलयुगी भाई ने अपने ही सगे भाई और भाभी की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में बचाने आए छोटे भाई की हालत भी नाजुक बनी हुई है। इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder) से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई इस वारदात से स्तब्ध है।
मामूली बहस ने ले ली दो जिंदगियां
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली घटना नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ठाकुरपुरवा गांव की है। बुधवार देर रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने बैठे थे। तभी किसी मामूली बात को लेकर भाइयों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि 37 वर्षीय आरोपी श्यामू अपना आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने घर में रखा धारदार हथियार उठा लिया और अपने बड़े भाई हरीश (40) और छोटे भाई रामू पर जानलेवा हमला बोल दिया।
बीच-बचाव करने आई भाभी को भी नहीं बख्शा
जब श्यामू अपने भाइयों पर खूनी वार कर रहा था, तब हरीश की पत्नी पूनम अपने पति और देवर को बचाने के लिए बीच में आ गईं। लेकिन खून सवार श्यामू ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपनी भाभी को भी नहीं छोड़ा। उसने पूनम पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर जब तक पड़ोसी मदद के लिए दौड़े, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। खून से लथपथ तीनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया।
अस्पताल में टूटा दम, आरोपी की तलाश तेज
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) दुर्गेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉक्टरों ने पूनम को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि हरीश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे भाई रामू की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने पति-पत्नी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी ने बताया कि आरोपी श्यामू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।