जनता की समस्याओं पर हो त्वरित कार्रवाई, जिम्मेदारी तय करने के निर्देश-उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कैम्प कार्यालय, 7-कालीदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि “हर व्यक्ति की हर समस्या का हर संभव समाधान सुनिश्चित किया जाएगा”। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा ऐसा समाधान हो कि पीड़ितों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दर्शन के दौरान उप मुख्यमंत्री स्वयं फरियादियों के बीच पहुंचे और उनसे सीधा संवाद स्थापित करते हुए एक-एक समस्या को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे मौके पर ही कार्यवाही प्रारंभ हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक नागरिक को न्याय और सुविधा समय पर प्राप्त हो। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।