वॉशिंगटन पोस्ट में बड़ी छंटनी: शशि थरूर के बेटे ईशान की गई नौकरी, स्पोर्ट्स डेस्क और कई विदेशी दफ्तर हुए बंद
वॉशिंगटन/नई दिल्ली। वैश्विक मीडिया जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका के प्रतिष्ठित समाचार पत्र 'वॉशिंगटन पोस्ट' (Washington Post) ने बुधवार को अपने लगभग एक तिहाई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इस भारी छंटनी की गाज वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर (Ishaan Tharoor) पर भी गिरी है। ईशान पिछले 12 वर्षों से इस संस्थान के साथ जुड़े हुए थे। इस पुनर्गठन के तहत अखबार ने अपने स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट को बंद करने और अंतरराष्ट्रीय कवरेज में भारी कटौती करने का फैसला किया है।
ईशान थरूर का छलका दर्द: 'साथ काम करना सम्मान की बात थी'
नौकरी जाने की जानकारी खुद ईशान थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने एक भावुक पोस्ट में लिखा, "आज मुझे वॉशिंगटन पोस्ट से निकाल दिया गया है। मेरे साथ अंतरराष्ट्रीय डेस्क के अधिकांश कर्मचारियों और कई शानदार सहकर्मियों की भी छुट्टी कर दी गई है। मैं उन संपादकों और संवाददाताओं के लिए दुखी हूं जो 12 वर्षों से मेरे मित्र रहे हैं। उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात थी।" उन्होंने खाली न्यूज़ रूम की एक तस्वीर साझा करते हुए इस दिन को बेहद दुखद बताया।
वॉशिंगटन पोस्ट में क्या-क्या बदला?
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन पोस्ट ने घाटे को कम करने और डिजिटल रणनीति पर ध्यान केंद्रित करने के लिए यह कड़ा कदम उठाया है:
स्पोर्ट्स डेस्क बंद: अखबार ने अपने दशकों पुराने स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट को पूरी तरह बंद कर दिया है।
विदेशी कार्यालय निलंबित: कई देशों में स्थित अंतरराष्ट्रीय कार्यालयों के कामकाज को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है।
एक तिहाई स्टाफ की छंटनी: कंपनी के कुल वर्कफोर्स का लगभग 33% हिस्सा इस फैसले से प्रभावित हुआ है।
संसद की सीढ़ियों पर फिसले शशि थरूर, अखिलेश यादव ने बढ़ाया मदद का हाथ
एक तरफ बेटे ईशान की नौकरी जाने की खबर आई, तो दूसरी तरफ बुधवार को बजट सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर के साथ भी एक हादसा हो गया। संसद भवन की सीढ़ियों पर चढ़ते समय थरूर का पैर फिसल गया और वे गिर पड़े। गनीमत रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
इस दौरान पास ही खड़े समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद इमरान मसूद ने तुरंत दौड़कर थरूर को संभाला और उन्हें सहारा देकर उठाया। थरूर ने इस घटना के बाद शायराना अंदाज में अपनी खैरियत बताते हुए X पर लिखा:
जिस दीये को, तूफां में जलना होगा
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) February 4, 2026
उसे, संभल-संभल के चलना होगा ????
I am okay pic.twitter.com/YdGdtItQ9T
उन्होंने अखिलेश यादव और अन्य साथियों का आभार जताते हुए कहा कि संकट के समय उनकी मदद के लिए वे शुक्रगुजार हैं।