BREAKING:
April 01 2026 09:22 am

Cricket Controversy : मैच फिक्सिंग की फाइल क्यों बंद हुई? योगराज सिंह ने कपिल देव पर फिर बोला हमला

Post

News India Live, Digital Desk: Cricket Controversy : युवराज सिंह के पिता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं. हमेशा अपनी बेबाक और अक्सर विवादित टिप्पणियों के लिए जाने जाने वाले योगराज सिंह ने इस बार 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव पर सीधा और संगीन आरोप लगाया है. उन्होंने दशकों पुराने मैच फिक्सिंग विवाद को फिर से हवा देते हुए सवाल उठाया है कि कपिल देव के खिलाफ चल रही जांच की फाइल को क्यों बंद कर दिया गया?

एक हालिया इंटरव्यू में योगराज सिंह ने कहा, "सब पत्रकारों से पूछो, सुप्रीम कोर्ट में जो मैच फिक्सिंग की फाइल थी, वो कहां बंद हो गई?कौन-कौन शामिल थे मैच फिक्सिंग में? पहले कपिल देव का नाम आया, फिर अजहरुद्दीन का और भी बहुत सारे खिलाड़ियों का. वो फाइल क्यों बंद कर दी गई और दोबारा क्यों नहीं खोली गई? क्योंकि कई बड़े दिग्गजों के सिर कटेंगे."

यह मामला 90 के दशक का है जब पूर्व क्रिकेटर मनोज प्रभाकर ने आरोप लगाया था कि कपिल देव ने उन्हें एक मैच में खराब प्रदर्शन करने के लिए पैसे ऑफर किए थे. इस मामले की जांच सीबीआई ने भी की थी और अंत में कपिल देव को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया था.लेकिन अब योगराज सिंह ने इस ठंडे पड़ चुके विवाद को फिर से गरमा दिया है.

कपिल देव से पुरानी है अदावत

यह पहली बार नहीं है जब योगराज सिंह ने कपिल देव पर निशाना साधा है. उनकी कपिल से नाराजगी काफी पुरानी है. योगराज का आरोप है कि जब कपिल देव कप्तान थे, तब उन्होंने ही योगराज को टीम से बाहर करवाया था.कुछ समय पहले तो योगराज ने यह कहकर सनसनी मचा दी थी कि वे गुस्से में कपिल देव के घर पिस्तौल लेकर उन्हें गोली मारने पहुंच गए थे

धोनी भी रहते हैं निशाने पर

कपिल देव के अलावा, योगराज सिंह पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की भी लगातार आलोचना करते रहे हैं. उनका मानना है कि धोनी की वजह से उनके बेटे युवराज सिंह का करियर समय से पहले खत्म हो गया.

योगराज के इन नए और विस्फोटक आरोपों ने भारतीय क्रिकेट जगत में एक बार फिर से हलचल मचा दी है. उन्होंने सीधे तौर पर किसी का पक्ष नहीं लिया है, लेकिन उनका इशारा साफ है कि मैच फिक्सिंग का सच आज भी दबा हुआ है. हालांकि, यह देखना होगा कि उनके इन बयानों पर कपिल देव या क्रिकेट जगत की कोई और बड़ी हस्ती क्या प्रतिक्रिया देती है.