BREAKING:
April 02 2026 01:37 pm

X Down: सुबह-सुबह करोड़ों यूजर्स को बड़ा झटका! अचानक ठप हुआ एलन मस्क का 'X' (Twitter), मची अफरातफरी

Post

नई दिल्ली: बुधवार (1 अप्रैल) की सुबह सोशल मीडिया की दुनिया में हलचल मचाने वाली रही। दुनिया के सबसे रईस शख्स एलन मस्क (Elon Musk) के मालिकाना हक वाला लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X- पहले Twitter) अचानक डाउन हो गया। भारत समेत अमेरिका और दुनिया के कई अन्य हिस्सों में हजारों यूजर्स ने ऐप और वेबसाइट को एक्सेस करने में भारी दिक्कतों का सामना किया। सुबह-सुबह जब लोगों ने अपडेट्स जानने के लिए ऐप खोला, तो न टाइमलाइन रिफ्रेश हो रही थी और न ही अकाउंट लॉग-इन हो पा रहा था। हालांकि, कुछ घंटों की इस तकनीकी माथापच्ची के बाद अब सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो गई हैं और प्लेटफॉर्म फिर से सुचारू रूप से काम करने लगा है।

Downdetector पर लगा शिकायतों का अंबार

इंटरनेट आउटेज पर नजर रखने वाली मशहूर वेबसाइट 'डाउनडिटेक्टर' (Downdetector) के आंकड़ों ने इस तकनीकी खराबी की गंभीरता को साफ कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सर्वर में दिक्कत मंगलवार देर रात करीब 2:03 बजे ही आनी शुरू हो गई थी। महज कुछ ही घंटों के भीतर दुनियाभर से शिकायतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ते हुए 25,500 को पार कर गया। वहीं, बुधवार अलसुबह भारत में भी हजारों यूजर्स ने 'X' के ठप होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स (Reuters) ने भी पुष्टि की है कि अमेरिका में मंगलवार रात से ही इस प्लेटफॉर्म पर तकनीकी खामियों को लेकर सैकड़ों शिकायतें दर्ज की गई थीं।

Grok AI ने मानी आउटेज की बात, लेकिन कंपनी की 'चुप्पी' बरकरार

इस ग्लोबल आउटेज को लेकर जब प्लेटफॉर्म के ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट 'ग्रोक' (Grok AI) से सवाल किया गया, तो उसने भी माना कि बुधवार सुबह (1 अप्रैल) मॉनिटरिंग साइट्स पर शिकायतों में अचानक उछाल देखा गया है। Grok ने बताया कि यूजर्स लगातार 'X is down' या 'X was down' जैसी पोस्ट कर रहे हैं। इतनी बड़ी समस्या और हजारों शिकायतों के बावजूद, खबर लिखे जाने तक एलन मस्क या X सपोर्ट की तरफ से सर्वर डाउन होने की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान (Official Statement) जारी नहीं किया गया है।

आखिर बार-बार क्यों हांफ रहा है मस्क का प्लेटफॉर्म?

यूजर्स की सबसे बड़ी चिंता यह है कि 'X' का सर्वर अब आए दिन डाउन होने लगा है। आपको बता दें कि मंगलवार दोपहर को भी प्लेटफॉर्म पर कुछ देर के लिए रुकावट आई थी, जिसकी 20 हजार से ज्यादा शिकायतें मिली थीं। यह सिलसिला नया नहीं है; इससे ठीक पहले 26 मार्च को भी करीब 15,000 से ज्यादा यूजर्स ने लॉग-इन और टाइमलाइन लोड न होने जैसी समस्याओं का सामना किया था। इसके अलावा जनवरी महीने में भी दुनिया भर में प्लेटफॉर्म बड़े स्तर पर क्रैश हुआ था। लगातार आ रही इन तकनीकी खामियों के कारण यूजर्स के अनुभव पर गहरा असर पड़ रहा है।