UP Lekhpal Recruitment 2026 : आवेदन का आखिरी मौका आज, बिना Math और बदली हिंदी के साथ होगी परीक्षा
News India Live, Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा लेखपाल के 7996 पदों पर निकाली गई बंपर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आज अंतिम तिथि है। अगर आप भी इस भर्ती की योग्यता रखते हैं और अब तक आवेदन नहीं किया है, तो बिना देरी किए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर अपना फॉर्म सबमिट कर दें।
केवल PET पास अभ्यर्थियों को ही मिलेगा मौका
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आयोग ने सख्त मानक तय किए हैं। केवल वही उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं जिन्होंने UPSSSC PET परीक्षा उत्तीर्ण की है और जिनके पास एक वैध स्कोरकार्ड है। पीईटी के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर ही उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (Mains Exam) के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। रिक्तियों का विवरण कुछ इस प्रकार है:
अनारक्षित: 3205 पद
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 2158 पद
अनुसूचित जाति (SC): 1679 पद
EWS: 792 पद
अनुसूचित जनजाति (ST): 160 पद
सिलेबस में ऐतिहासिक बदलाव: गणित बाहर, कंप्यूटर और UP GK की एंट्री
इस बार की लेखपाल भर्ती पुराने ढर्रे पर नहीं होगी। आयोग ने सिलेबस में भारी उलटफेर कर सबको चौंका दिया है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि मुख्य परीक्षा से गणित (Mathematics) विषय को हटा दिया गया है, हालांकि डेटा इंटरप्रिटेशन (DI) के 10 प्रश्न अभी भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा, ग्रामीण परिवेश का हिस्सा 25 अंकों से घटाकर मात्र 5 अंक कर दिया गया है। अब अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आईटी और उत्तर प्रदेश के सामान्य ज्ञान (UP GK) पर विशेष ध्यान देना होगा। हिंदी का वेटेज भी 25 से घटाकर 10 अंक कर दिया गया है।
नया एग्जाम पैटर्न और अंकों का गणित
लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी और इसमें नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है। नए सिलेबस के अनुसार अंकों का विभाजन इस प्रकार है:
उत्तर प्रदेश विशेष: 20 अंक
कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी: 15 अंक
सामान्य हिंदी और DI: 10-10 अंक
भारत का इतिहास, भूगोल और संविधान: 5-5 अंक
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी: 5 अंक
ग्रामीण समाज एवं विकास: 5 अंक
क्या रहेगी संभावित कटऑफ? कितना स्कोर है सेफ?
लाखों अभ्यर्थियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुख्य परीक्षा में बैठने के लिए पीईटी का कितना स्कोर सुरक्षित होगा। जानकारों की मानें तो पदों की संख्या 2022 की भर्ती (8085 पद) के लगभग बराबर है, इसलिए कटऑफ में ज्यादा अंतर आने की उम्मीद नहीं है। 2022 में अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 62.96 रही थी। विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार भी जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 62-64 के बीच का स्कोर सेफ माना जा सकता है, जबकि एससी के लिए 60 और एसटी के लिए 45 के आसपास कटऑफ जा सकती है।
आवेदन शुल्क और जरूरी योग्यता
इस भर्ती के लिए किसी भी वर्ग का अभ्यर्थी हो, आवेदन शुल्क मात्र 25 रुपये रखा गया है। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का 12वीं पास (इंटरमीडिएट) होना अनिवार्य है। इसके अलावा, यदि किसी अभ्यर्थी ने प्रादेशिक सेना में 2 साल सेवा की हो या उसके पास NCC 'B' सर्टिफिकेट हो, तो उसे चयन प्रक्रिया में वरीयता (Weightage) दी जाएगी।