Bihar Board Exam 2026 : परीक्षा केंद्र पर अब सिर्फ 30 मिनट ही खुलेगा गेट, दीवार फांदने की कोशिश की तो सीधे होगी जेल

Post

News India Live, Digital Desk: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की इंटर और मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर शिक्षा विभाग ने अब तक का सबसे कड़ा रुख अपना लिया है। इस बार परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार अब केवल आधा घंटा ही खुलेगा। अगर कोई छात्र निर्धारित समय के बाद पहुंचता है और जबरन अंदर घुसने या चारदीवारी फांदने की कोशिश करता है, तो इसे 'आपराधिक कृत्य' माना जाएगा और तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुबह 9 बजे लॉक हो जाएगा सेंटर का गेट

2 फरवरी से शुरू हो रही इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं। पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच ही प्रवेश दिया जाएगा। ठीक 9 बजे गेट बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी सूरत में एंट्री नहीं मिलेगी। वहीं दूसरी पाली के लिए प्रवेश दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा और 1:30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने सलाह दी है कि ट्रैफिक और चेकिंग को देखते हुए छात्र हर हाल में सुबह 8 बजे ही केंद्र पर पहुंच जाएं।

चेकिंग पर कड़ा पहरा: अधिकारियों के मोबाइल पर भी बैन

इस बार परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केवल छात्रों पर ही नहीं, बल्कि अधिकारियों पर भी नकेल कसी गई है। केंद्र की निगरानी के लिए जाने वाले शिक्षा विभाग और पुलिस के अधिकारियों को भी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों को अपना मोबाइल अपनी गाड़ी में ही छोड़कर आना होगा। जिले में इस बार केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 81 कर दी गई है, जबकि पिछले साल यह 74 थी।

चारदीवारी की होगी मरम्मत, 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट

अपर मुख्य सचिव के आदेश के बाद शिक्षा विभाग ने सभी केंद्रों की घेराबंदी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्कूलों की चारदीवारी टूटी हुई है या कहीं से भी खुली है, उसे 24 घंटे के भीतर ठीक करने की रिपोर्ट मांगी गई है। मुजफ्फरपुर जिले के दो केंद्रों पर चारदीवारी की समस्या सामने आई है, जिसे युद्ध स्तर पर दुरुस्त किया जा रहा है ताकि कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति या छात्र पीछे के रास्ते से अंदर न आ सके।

कॉपियों की जांच के लिए केंद्र तय, 27 फरवरी से शुरू होगा मूल्यांकन

परीक्षा संपन्न होने के बाद रिजल्ट की तैयारी भी अभी से शुरू हो गई है। बिहार बोर्ड ने मूल्यांकन केंद्रों की सूची जारी कर दी है:

इंटर मूल्यांकन: 27 फरवरी से शुरू होगा (प्रमुख केंद्र: जिला स्कूल, डीएन हाईस्कूल, चैपमैन स्कूल आदि)।

मैट्रिक मूल्यांकन: 2 मार्च से शुरू होगा (प्रमुख केंद्र: बीबी कॉलेजिएट, तिरहुत एकेडमी, प्रभात तारा आदि)।

इन केंद्रों के निदेशकों और कंप्यूटर शिक्षकों को 29 जनवरी को पटना में विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि कॉपियों की जांच और अंकों की एंट्री में कोई गलती न हो।