अमेरिका में रनवे पर मौत का मंज़र जलते हवाई जहाज़ का वीडियो देख दहल जाएगा दिल
News India Live, Digital Desk: अमेरिका के केंटकी में मंगलवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया, जब लुइसविल मुहम्मद अली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरते ही एक कार्गो विमान आग के गोले में तब्दील होकर ज़मीन पर आ गिरा.यह विमान यूपीएस (UPS) एयरलाइंस का था और होनोलूलू के लिए रवाना हुआ थाटेकऑफ के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और वह एयरपोर्ट के पास ही क्रैश हो गया.
भीषण आग और धुएं का गुबार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि कैसे विमान के एक पंख में आग लगी हुई थी और देखते ही देखते वह एक बड़े आग के गोले में बदल गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया और कई इमारतों में भी आग लग गई. यह हादसा इतना भयानक था कि क्रैश होते ही विमान के टुकड़े-टुकड़े हो गए.
हादसे में कई लोगों की मौत, बचाव कार्य जारी
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है और 11 लोग घायल हुए हैं. केंटकी के गवर्नर ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है.अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में वे लोग भी शामिल हैं जो विमान में सवार नहीं थे, बल्कि ज़मीन पर मौजूद थे, क्योंकि विमान सीधे दो कारोबारी इमारतों पर गिरा.
इलाके में इमरजेंसी, उड़ानें रद्द
हादसे की भयावहता को देखते हुए एयरपोर्ट के आस-पास के 8 किलोमीटर के दायरे में लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह (शेल्टर-इन-प्लेस) दी गई है.लुइसविल एयरपोर्ट से जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है
यह विमान, एक मैकडॉनेल डगलस MD-11 था, जिसमें तीन क्रू सदस्य सवार थे.संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि इस दर्दनाक हादसे की वजह का पता लगाया जा सके