65 साल के जसविंदर भल्ला का निधन: जिनकी कॉमेडी ने हमेशा हंसाया, आज हम सबको रुला गए

Post

पंजाब के जाने-माने कॉमेडियन और कलाकार, डॉ. जसविंदर भल्ला, अब हमारे बीच नहीं रहे। 65 साल की उम्र में उन्होंने आज, 22 अगस्त की सुबह, मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। 23 अगस्त को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भल्ला साहब कॉमेडी की दुनिया का एक बड़ा नाम थे। उन्होंने 1988 में 'छनकारदा 88' से अपने करियर की शुरुआत की थी और 'दुल्ला भट्टी' फिल्म से पंजाबी सिनेमा में कदम रखा। पर्दे पर उनके मज़ेदार किरदार दर्शकों को खूब हंसाते थे। वे सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, बल्कि स्टेज पर भी अपनी कॉमेडी का जलवा बिखेरते थे। 'नॉटी बाबा इन टाउन' जैसे शो के साथ उन्होंने कनाडा और ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी किया था।

65 वर्षीय जसविंदर भल्ला काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन को फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। 'कैरी ऑन जट्टा', 'महाउल ठीक है', 'जट्ट एयरवेज' और 'जट्ट एंड जूलियट 2' जैसी कई सफल पंजाबी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने हमेशा सराहा। उनकी कला और कॉमेडी को हमेशा याद किया जाएगा।