उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़कों के कायाकल्प के लिए उपमुख्यमंत्री के कड़े निर्देश, बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित हो, लापरवाह ठेकेदारों पर हो विधिक कार्रवाई, सड़कों की गुणवत्ता जांच के लिए कार्बन डेटिंग तकनीक के उपयोग पर जोर।

Post

आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता, समयबद्ध निर्माण एवं अनुरक्षण को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण सड़कों का कायाकल्प प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समस्त जिलों में स्वीकृत नई योजनाओं को धरातल पर शीघ्र उतारने के लिए शिलान्यास और लोकार्पण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन करें।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है अथवा कार्यों में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसे ठेकेदारों को भविष्य की निविदाओं से प्रतिबंधित करने की कार्यवाही भी की जाए।

उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कार्बन डेटिंग तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री एवं कार्य की वास्तविक आयु और गुणवत्ता का आकलन संभव होगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, फील्ड निरीक्षण बढ़ाए जाएं और ग्रामीण जनता को सुरक्षित, टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण सड़कें उपलब्ध कराने के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।

बैठक के अंत में उन्होंने दोहराया कि डबल इंजन सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था के माध्यम से विकास को नई गति दी जाए और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

इस बैठक में मणिराज मंत्री ग्राम विकास श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम जी, प्रमुख सचिव ग्राम विकास श्री सौरव बाबू जी ग्राम विकास आयुक्त श्री गौरी शंकर प्रियदर्शी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री अंकुर कौशिक जी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:

--Advertisement--