Rajasthan Assembly Budget : विधानसभा के पहले ही दिन भारी हंगामा, मनरेगा पर रार और CBI जांच लिखी साड़ी पहनकर पहुंचीं विधायक!
News India Live, Digital Desk: राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र का आगाज बुधवार को हंगामेदार रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा के बाहर सियासी पारा चढ़ गया। एक तरफ कांग्रेस विधायकों ने मनरेगा में बदलावों को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया, तो दूसरी तरफ 'कमीशनखोरी' के आरोपों से घिरी निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत अपनी साड़ी के जरिए सुर्खियां बटोर ले गईं। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सरकार की उपलब्धियों का बखान हुआ, लेकिन विपक्ष के तीखे तेवरों ने साफ कर दिया कि यह सत्र काफी गर्मागर्म रहने वाला है।
गैंती-फावड़ा लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक हाथों में गैंती, तगारी और फावड़े लेकर विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार मनरेगा (MGNREGA) योजना के स्वरूप को बदलकर गरीबों का हक छीनने का प्रयास कर रही है। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए इन औजारों के साथ विधायकों को अंदर जाने से रोक दिया।
ऋतु बनावत की 'सीबीआई साड़ी' ने खींचा ध्यान
सदन के भीतर सबसे ज्यादा चर्चा बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत की रही। बनावत एक ऐसी साड़ी पहनकर सदन पहुंचीं जिस पर 'CBI जांच की मांग' लिखा हुआ था। गौरतलब है कि हाल ही में बनावत समेत कुछ विधायकों पर कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगे थे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा:मुझ पर लगे आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए। अगर मैं दोषी हूं तो मुझे सजा मिले, लेकिन इसके लिए सीबीआई जांच जरूरी है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।"
राज्यपाल का अभिभाषण: 1 लाख भर्तियां और यमुना जल समझौता
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने 1 घंटे 21 मिनट के अपने अभिभाषण में भजनलाल सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने प्रमुख घोषणाओं और उपलब्धियों को रेखांकित किया:
रोजगार का कैलेंडर: युवाओं के लिए एक लाख नई सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया गया है।
यमुना जल समझौता: शेखावाटी क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी बनने वाले यमुना जल समझौते की डीपीआर (DPR) अब अंतिम चरण में है।
राइजिंग राजस्थान: समिट के जरिए 35 लाख करोड़ के एमओयू हुए, जिनमें से 8 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतर चुका है।
सोशल सिक्योरिटी: 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पेंशन वितरित की गई और 35 लाख संपन्न लोगों ने स्वेच्छा से राशन का लाभ छोड़ा।
रिफाइनरी और गैस कनेक्शन पर अपडेट
राज्यपाल ने बताया कि राजस्थान की पहली रिफाइनरी परियोजना का काम अंतिम चरण में है, जिस पर अब तक 63,500 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसके साथ ही घर-घर गैस पाइपलाइन पहुंचाने के लक्ष्य के तहत अप्रैल से दिसंबर के बीच 53 हजार से ज्यादा नए कनेक्शन दिए गए हैं।
अभिभाषण के अंत में सदन ने दिवंगत नेता अभिनेता धर्मेंद्र और रामेश्वर डूडी सहित 21 विभूतियों को श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी।