Raebareli Road Accident: रायबरेली में काल बनी तेज रफ्तार कार, गंगा एक्सप्रेस-वे पर 8 लड़कियों को रौंदा; 4 की मौत से कोहराम

Post

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार (8 फरवरी) की रात निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बेकाबू कार ने पैदल जा रही आठ लड़कियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चार युवतियों की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में एक मासूम की हालत नाजुक देखते हुए उसे एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है।

यह हृदयविदारक घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास हुई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

भोज से लौट रही थीं लड़कियां, पीछे से आई मौत

मिली जानकारी के अनुसार, कोडर गांव की रहने वाली लड़कियां पास के चुली गांव में आयोजित एक सामुदायिक भोज में शामिल होकर घर लौट रही थीं। रात के समय वे निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे के रास्ते पैदल जा रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया।

मौके पर दम तोड़ा: हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में मौत: रश्मी (14) और आसमा (22) ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घायल: रिया, प्रिया, साधना, मीना और रेशमा का इलाज जारी है।

DM और SP पहुंचे अस्पताल, चालक फरार

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।