Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर में रईसजादे का तांडव! नशे में धुत तंबाकू कारोबारी के बेटे ने लैम्बॉर्गिनी से 6 को रौंदा; थाने में बाउंसरों का हंगामा
कानपुर। औद्योगिक नगरी कानपुर के ग्वालटोली इलाके में रविवार की दोपहर उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक तेज रफ्तार लैम्बॉर्गिनी कार ने सड़क पर मौत का तांडव मचाया। शहर के जाने-माने तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा पर आरोप है कि वह नशे में धुत होकर करोड़ों की लग्जरी कार से राहगीरों को रौंदता चला गया। इस भीषण हादसे में कम से कम छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपी को गुस्साई भीड़ से बचाया, लेकिन थाने के भीतर कारोबारी के बाउंसरों की गुंडई ने आग में घी डालने का काम किया।
हवा में 10 फीट उछली बुलेट, पहियों के नीचे दबे मासूम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 3:15 बजे रेव-3 मॉल के पास यह हादसा हुआ। शिवम मिश्रा की अनियंत्रित लैम्बॉर्गिनी ने सबसे पहले एक बुलेट सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट पर सवार तीन लोग हवा में करीब 10 फीट ऊपर उछलकर दूर जा गिरे। इसके बाद भी रईसजादे ने कार नहीं रोकी और बुलेट को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। कार ने इसके बाद एक ऑटो-रिक्शा और खड़ी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लिया।
भागने की कोशिश में डिवाइडर और खंभे से टकराई कार
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। इसके बाद कार एक बिजली के खंभे को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई और फिर रुक गई। इस दौरान तीन अन्य राहगीर भी घायल हो गए। कार के रुकते ही स्थानीय लोगों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
बाउंसरों की बदसलूकी और थाने में भारी हंगामा
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आरोपी के निजी बाउंसरों ने घायल पीड़ितों और स्थानीय लोगों के साथ आक्रामक व्यवहार किया, जिससे तनाव चरम पर पहुंच गया। पुलिस जब आरोपी और क्षतिग्रस्त कार को ग्वालटोली थाने ले गई, तो वहां भी बाउंसरों ने पीड़ितों से अभद्रता की। इससे नाराज लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और क्षतिग्रस्त लैम्बॉर्गिनी को जब्त कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई: अस्पताल में भर्ती आरोपी
पुलिस उपायुक्त (मध्य) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी शिवम मिश्रा और अन्य घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।