नवाबों का शहर ही नहीं, यह तो यूपी की 'ज्ञान-नगरी' है! जानते हैं यह कौन-सा शहर है?
उत्तर प्रदेश के किसी शहर का नाम लेते ही आगरा का ताजमहल, वाराणसी के घाट या मथुरा की गलियाँ याद आ जाती हैं। और जब लखनऊ की बात आती है, तो 'नवाब', 'कबाब' और 'तहज़ीब' जैसे शब्द याद आते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि अपनी नवाबी शान-ओ-शौकत और ऐतिहासिक इमारतों के अलावा, लखनऊ की एक और पहचान है, जो इसे पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे अलग बनाती है? यह पहचान है शिक्षा की।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश का इकलौता ऐसा शहर है, जहाँ एक-दो नहीं, बल्कि पूरी पाँच सरकारी यूनिवर्सिटी (विश्वविद्यालय) हैं. जी हाँ, यह शहर अब सिर्फ नवाबों का नहीं, बल्कि प्रदेश की उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा और मज़बूत केंद्र बन चुका है.
लखनऊ को खास बनाने वाले 5 विश्वविद्यालय कौन से हैं?
यह शहर हर क्षेत्र में शिक्षा का केंद्र है। कला से लेकर कानून और तकनीक से लेकर चिकित्सा तक, यहाँ हर विषय के लिए एक समर्पित विश्वविद्यालय मौजूद है।
- लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University): यह शहर की शिक्षा की नींव है। 1920 में निर्मित यह विश्वविद्यालय राज्य के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक है।
- डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU): अगर आप यूपी में इंजीनियरिंग या मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे हैं, तो समझिए यह सबका 'हेड ऑफिस' है. प्रदेश के सारे टेक्निकल कॉलेज इसी से जुड़े हैं.
- डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (RMLNLU): कानून की पढ़ाई के लिए यह देश के बेहतरीन संस्थानों में गिना जाता है.
- अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (ABVMU): यह प्रदेश भर के मेडिकल कॉलेजों का केंद्र है.
- ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय: यह यूनिवर्सिटी भाषाओं, खासकर उर्दू, अरबी और फारसी के अध्ययन के लिए जानी जाती है, जो लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब को और मज़बूत करती है.
विदेश से भी पढ़ने आते हैं छात्र
इन विश्वविद्यालयों की प्रतिष्ठा केवल देश तक ही सीमित नहीं है। अपनी उत्कृष्ट शिक्षा और शोध सुविधाओं के कारण, अब नेपाल, भूटान और कई अन्य देशों के छात्र भी यहां अध्ययन करने आते हैं, जो लखनऊ को एक वैश्विक शैक्षिक केंद्र बना रहा है।
तो अगली बार जब कोई लखनऊ का ज़िक्र करे, तो सिर्फ 'मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं' मत कहिएगा. यह भी बताइएगा कि आप यूपी के उस शहर में हैं, जो भविष्य की सबसे बड़ी ताकत, यानी ज्ञान का सबसे बड़ा गढ़ है.