Makar Sankranti 2026 Date: कन्फ्यूजन हुआ दूर, 14 जनवरी को दोपहर बाद मनेगा जश्न; जानें स्नान-दान का सही वक्त
Makar Sankranti 2026 Date: भारत में त्यौहारों की रौनक अलग ही होती है, लेकिन मकर संक्रांति एक ऐसा पर्व है जिसे लेकर लोगों में अक्सर तारीख का कन्फ्यूजन रहता है-कि इसे 14 को मनाएं या 15 को? अगर आप अभी से साल 2026 के कैलेंडर पर नजर डाल रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। साल 2026 में यह दुविधा नहीं होगी, क्योंकि पंचांग के अनुसार मकर संक्रांति 14 जनवरी को ही मनाई जाएगी।
मकर संक्रांति वह दिन है जब सूर्य देव अपनी चाल बदलते हैं और धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं। इसे सूर्य का 'उत्तरायण' होना भी कहते हैं। धार्मिक नजरिए से यह दिन बहुत बड़ा होता है क्योंकि इसके साथ ही एक महीने से चला आ रहा 'खरमास' खत्म हो जाता है और शादी-ब्याह जैसे शुभ काम फिर से शुरू हो जाते हैं।
2026 में दोपहर में होगा सूर्य का गोचर
वैदिक पंचांग की गणना बताती है कि 14 जनवरी 2026 को सूर्य देव सुबह नहीं, बल्कि दोपहर 3 बजकर 13 मिनट पर मकर राशि में प्रवेश करेंगे। चूंकि सूर्य का प्रवेश 14 तारीख की दोपहर को ही हो रहा है, इसलिए संक्रांति का पर्व इसी दिन मनाया जाएगा।
स्नान-दान का 'गोल्डन टाइम' (पुण्य काल)
आमतौर पर हम सुबह-सुबह गंगा स्नान करके दान करते हैं, लेकिन 2026 में पुण्य काल का समय थोड़ा अलग है।
- महा पुण्य काल: यह सबसे शुभ समय माना जाता है। यह दोपहर 3:13 बजे से शाम 4:58 बजे तक रहेगा। यानी आपके पास पूजा और दान के लिए 1 घंटा 45 मिनट का सबसे बेहतरीन समय होगा।
- पुण्य काल: अगर आप महा पुण्य काल में चूक जाते हैं, तो शाम 5:45 बजे तक भी दान कर सकते हैं। यह कुल 2 घंटे 32 मिनट का समय रहेगा।
- सुबह का स्नान: वैसे जो लोग नियम से सुबह नहाना चाहते हैं, उनके लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 05:27 से 06:21 बजे तक रहेगा। इस समय स्नान करना सेहत और धर्म दोनों के लिए अच्छा है।
इस बार 'सोने पे सुहागा' जैसे दो शुभ योग
मकर संक्रांति 2026 की सबसे खास बात यह है कि इस दिन ग्रहों की स्थिति बहुत शानदार बन रही है। इस दिन दो अत्यंत शुभ योग बन रहे हैं- 'सर्वार्थ सिद्धि योग' और 'अमृत सिद्धि योग'।
ये दोनों योग सुबह 07:15 बजे से शुरू होकर अगले दिन (15 जनवरी) तड़के 03:03 बजे तक रहेंगे।
मान्यता है कि सर्वार्थ सिद्धि योग में किया गया कोई भी शुभ काम, पूजा या दान कभी खाली नहीं जाता। इसका फल कई गुना बढ़कर मिलता है।
तो अपनी डायरी में अभी से नोट कर लें कि 2026 में 14 जनवरी का दिन बेहद मंगलकारी रहने वाला है। तिल-गुड़ तैयार रखिये और सूर्य देव के स्वागत की तैयारी कीजिये!