शराब की लत ने कर दिया है जीना मुहाल? तो इन 5 स्मार्ट तरीकों से आज ही करें 30 दिन का चैलेंज
News India Live, Digital Desk: दोस्तों के साथ वीकेंड पार्टी हो या ऑफिस की थकान मिटाने का बहाना, कभी-कभार पी जाने वाली शराब कब एक गंभीर लत में बदल जाती है, इंसान को पता ही नहीं चलता। यह एक ऐसा मीठा जहर है जो न सिर्फ पीने वाले के शरीर को खोखला करता है, बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशियों को भी निगल जाता है। बहुत से लोग इस दलदल से बाहर निकलना चाहते हैं, लेकिन 'कल से पक्का छोड़ दूंगा' वाला कल कभी नहीं आता। अगर आप भी इस जानलेवा लत से सच में छुटकारा पाना चाहते हैं, तो 'होलिस्टिक हेल्थ एंड हीलिंग' (Holistic Health And Healing) हॉस्पिटल्स की जानी-मानी मनोवैज्ञानिक (साइकेट्रिस्ट) डॉक्टर भवनीत कौर ने कुछ बेहद असरदार और स्मार्ट तरीके बताए हैं। आइए जानते हैं कि आप घर बैठे कैसे इस 30 दिन के चैलेंज को अपनाकर अपनी जिंदगी बदल सकते हैं।
डायबिटीज और लिवर फेलियर का मंडराता है खतरा
शराब पीना सेहत के लिए कितना हानिकारक है, यह किसी से छिपा नहीं है। फिर भी लोग शौक या तनाव के नाम पर इसे अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लेते हैं। रोजाना और अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन करने से सीधे तौर पर आपके लिवर (Liver) पर बहुत बुरा असर पड़ता है। इसके अलावा, जो लोग नियमित रूप से शराब पीते हैं, उनमें डायबिटीज (Diabetes) और हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए समय रहते इस लत को छोड़ना ही एकमात्र विकल्प है।
'कल' पर मत टालें, आज और अभी लें कड़ा फैसला
शराब छोड़ने की राह में सबसे बड़ा दुश्मन इंसान का अपना मन होता है। लोग अक्सर सोचते हैं कि 'आज आखिरी बार पी लेता हूं, कल से बिल्कुल बंद।' लेकिन हकीकत यह है कि वह 'कल' कभी नहीं आता। अगर आप वाकई इस लत को हराना चाहते हैं, तो कबीरदास जी के इस दोहे को अपनी जिंदगी का मूलमंत्र बना लें— 'काल करे सो आज कर, आज करे सो अब'। जिस पल आपके मन में शराब छोड़ने का ख्याल आए, उसी पल दृढ़ निश्चय करें और खुद से एक पक्का वादा करें।
तलाश करें वो एक 'मजबूत वजह'
किसी भी मुश्किल काम को करने के लिए एक ठोस वजह का होना बहुत जरूरी है। खुद से पूछें कि आखिर आप शराब क्यों छोड़ना चाहते हैं? क्या आपकी खराब होती सेहत इसकी वजह है? या फिर आपके परिवार के वो आंसू, आपके बच्चों का भविष्य या आपका प्यार? जब आपके पास एक मजबूत कारण होगा, तो शराब की तलब उठने पर यही वजह आपको दोबारा बोतल उठाने से रोकेगी।
घर और गाड़ी से हटाएं सारी बोतलें
जब आपने फैसला कर ही लिया है, तो सबसे पहले एक डेट फिक्स करें। इस फैसले को अपने परिवार, ऑफिस के सहयोगियों और खास दोस्तों के साथ शेयर करें। इसके बाद, तुरंत एक्शन लें। घर की अलमारी, फ्रिज या अपनी कार के डैशबोर्ड से शराब की हर एक बोतल बाहर निकाल फेंके। जिन दोस्तों के साथ बैठकर आप अक्सर जाम छलकाते थे, उन्हें स्पष्ट रूप से बता दें कि आप शराब छोड़ रहे हैं, ताकि वो इस मुश्किल सफर में आपको ट्रिगर करने के बजाय आपकी हिम्मत बढ़ाएं।
शुरुआती दिनों की बेचैनी से ऐसे पाएं पार
शराब छोड़ने के शुरुआती कुछ दिन बहुत ही ज्यादा बेचैनी भरे होते हैं। बार-बार दिमाग आपसे कहेगा कि 'सिर्फ 30 एमएल ही तो है, इससे क्या नुकसान होगा?' आपको इसी विचार से लड़ना है। जब भी तलब महसूस हो, खुद को किसी न किसी काम में बिजी कर लें। आप अपना पसंदीदा म्यूजिक सुन सकते हैं, बच्चों के साथ कोई इनडोर गेम खेल सकते हैं या परिवार के साथ वक्त बिता सकते हैं। इसके अलावा, रोजाना योग (Yoga) और मेडिटेशन (Meditation) का सहारा लें। इससे आपका मन शांत होगा और विल पावर मजबूत होगी। यकीन मानिए, अगर आपने शुरुआत के कुछ दिन कंट्रोल कर लिया, तो समय के साथ आपकी ये लत पूरी तरह खत्म हो जाएगी।