फैक्ट चेक: 'RBI ने लोगों को बैंक अकाउंट ब्लॉक करने की चेतावनी दी'! क्रेडिट कार्ड से जुड़े वॉइस मेल का राज क्या है?
देश के आम नागरिकों में जागरूकता पैदा करने के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक "आरबीआई कहता है" नाम से एक जागरूकता अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत, आरबीआई देश के बैंक खाताधारकों को जागरूक करने के लिए व्हाट्सएप पर संदेश भेजता रहता है।
इस बीच, लोगों के मोबाइल फोन पर RBI के नाम से वॉइसमेल आ रहे हैं। इन वॉइसमेल में लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि उनका बैंक खाता ब्लॉक कर दिया जाएगा। वॉइसमेल में कहा गया है कि आपके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल धोखाधड़ी में किया गया है, जिसके कारण आपका बैंक खाता ब्लॉक कर दिया जाएगा।
RBI कभी भी खाताधारकों से गोपनीय जानकारी नहीं मांगता
अगर आपको भी RBI के नाम से ऐसे वॉइसमेल, वॉट्सऐप मैसेज, फ़ोन कॉल या ईमेल आते हैं, तो आपको बेहद सावधान हो जाना चाहिए। दरअसल, ये फ़र्ज़ी वॉइसमेल RBI के नाम से भेजे जा रहे हैं और ये एक स्कैम का हिस्सा है।
पीआईबी फैक्ट चेक ने इस पूरे मामले पर संज्ञान लिया है और देश के आम लोगों से ऐसे वॉइसमेल, वॉट्सऐप मैसेज, फोन कॉल या ईमेल से सावधान रहने की अपील की है। पीआईबी फैक्ट चेक ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह एक नया घोटाला है।
भारतीय रिज़र्व बैंक ऐसा कोई वॉइसमेल नहीं भेजता। आरबीआई केवल लोगों को जागरूक करने के लिए संदेश भेजता है और आपसे कोई विशेष जानकारी नहीं मांगता। गौरतलब है कि आरबीआई, सरकार और बैंकों के प्रयासों के बावजूद देश में साइबर धोखाधड़ी के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं।
जुलाई 2025 से डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों में वृद्धि
साइबर धोखाधड़ी का सामना अब सिर्फ़ आम लोग ही नहीं, बल्कि पढ़े-लिखे अधिकारी और बड़ी कंपनियाँ भी कर रही हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि साइबर धोखाधड़ी के ज़रिए अब लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया जा रहा है और यह बेहद चिंताजनक है। आरबीआई के डिप्टी गवर्नर टी. रविशंकर ने हाल ही में कहा था कि जुलाई 2025 से डिजिटल धोखाधड़ी के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं।