उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधानसभा सत्र से पूर्व गृह विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक।
विधान परिषद नेता सदन, श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आगामी विधानसभा सत्र के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस अवसर पर श्री संजय प्रसाद अपर मुख्य सचिव गृह, श्री मोहित गुप्ता सचित (गृह), श्री विशाख जी जिलाधिकारी लखनऊ, अमरेन्द्र कुमार सेंगर पुलिस आयुक्त, लखनऊ, श्री राकेश कुमार मालपानी सचिव गृह विभाग के शासन स्तर के उच्च अधिकारिगण उपस्थित रहे।
उन्होंने युवाओं और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाले कोरियन गेम जैसे घटनाजनित एवं भ्रामक ऐप्स पर प्रभावी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऐसे ऐप्स से बच्चों और युवाओं को बचाने हेतु तकनीकी व प्रशासनिक स्तर पर कठोर कदम उठाने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने चाइनीज मांझा के क्रय-विक्रय एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यह न केवल मानव जीवन बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी अत्यंत घातक है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डिजिटल अरेस्ट से जुड़े मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री मौर्य जी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में ऐसे अपराधों की जांच एवं रोकथाम हेतु विशेष रूप से प्रशिक्षित अधिकारियों की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों पर आर्थिक दंड के साथ-साथ कड़ी न्यायिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन में विश्वास कायम हो।
इसके साथ ही बौद्ध स्थलों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य जी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पर्यटकों की दृष्टि से इन स्थलों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है।