Ocado Layoffs 2026: टेक जगत में फिर मची खलबली! ओकाडो ग्रुप करने जा रहा है 1,000 कर्मचारियों की छुट्टी, जानें क्या है वजह
लंदन/बिजनेस डेस्क। वैश्विक मंदी और बढ़ती लागत के बीच एक और बड़ी टेक दिग्गज कंपनी ने छंटनी का बिगुल फूंक दिया है। ब्रिटेन की मशहूर सुपरमार्केट टेक्नोलॉजी कंपनी ओकाडो ग्रुप पीएलसी (Ocado Group PLC) ने अपने खर्चों में कटौती करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से करीब 1,000 कर्मचारियों को बाहर निकालने की योजना बना रही है। यह आंकड़ा कंपनी के कुल कार्यबल का लगभग 5 प्रतिशत है। इस फैसले ने न केवल कंपनी के भीतर बल्कि पूरी वैश्विक रिटेल टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया है।
लगातार तीसरे साल छंटनी का 'हथौड़ा'
ओकाडो के कर्मचारियों के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है, क्योंकि कंपनी पिछले तीन सालों से लगातार वर्कफोर्स कम कर रही है। इससे पहले साल 2023-24 में कंपनी ने 1,000 पदों को समाप्त किया था, वहीं 2025 में भी टेक्नोलॉजी और फाइनेंस विभाग से 500 लोगों की छुट्टी की गई थी। अब 2026 की शुरुआत में ही 1,000 और लोगों पर छंटनी की तलवार लटक गई है। कंपनी का कहना है कि यह कदम 'लॉन्ग-टर्म सक्सेस' और 'पॉजिटिव कैश फ्लो' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उठाया जा रहा है।
इन विभागों पर पड़ेगा सबसे बुरा असर
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस छंटनी की प्रक्रिया इसी महीने से शुरू हो सकती है। इसका सबसे बड़ा केंद्र कंपनी का यूके स्थित मुख्यालय होगा। प्रभावित होने वाले पदों में मुख्य रूप से टेक्नोलॉजी सेक्टर के इंजीनियरों के साथ-साथ लीगल, फाइनेंस और ह्यूमन रिसोर्सेज (HR) जैसे बैक-ऑफिस विभाग शामिल हैं। कंपनी ने हालांकि यह स्पष्ट किया है कि प्रभावित कर्मचारियों से सीधे संपर्क किया जाएगा और उन्हें इस कठिन समय में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
रोबोटिक वेयरहाउस तकनीक को लगा बड़ा झटका
साल 2000 में स्थापित ओकाडो ने पूरी दुनिया में अपनी पहचान 'रोबोट-ऑपरेटेड वेयरहाउस' तकनीक के जरिए बनाई थी। कंपनी मार्क्स एंड स्पेंसर जैसे दिग्गजों को अपनी सेवाएं देती है। लेकिन हाल ही में उत्तरी अमेरिका के दो बड़े ग्राहकों ने लागत और कुशलता की चिंताओं के कारण कई ऑटोमेटेड फैसिलिटीज को बंद करने का फैसला किया है। यद्यपि इन वेयरहाउसेज के बंद होने से ओकाडो को मुआवजे के रूप में करोड़ों डॉलर मिलेंगे, लेकिन वैश्विक स्तर पर सुपरमार्केट इंडस्ट्री को रोबोट्स के जरिए बदलने के उसके सपने को बड़ा धक्का लगा है।
वित्तीय नतीजों से पहले लिया गया कड़ा फैसला
हैरानी की बात यह है कि छंटनी का यह ऐलान कंपनी के वार्षिक कारोबारी नतीजे आने से ठीक दो हफ्ते पहले किया गया है। ओकाडो 26 फरवरी 2026 को अपनी वित्तीय रिपोर्ट पेश करने वाली है। पिछले महीने ही कंपनी ने उम्मीद जताई थी कि वह अगले वित्त वर्ष तक मुनाफे की स्थिति में पहुंच जाएगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस भारी छंटनी के बाद निवेशकों और मार्केट का ओकाडो के प्रति क्या नजरिया रहता है।