कैबिनेट बैठक आज! PM-KISAN की 21वीं किस्त पर होगा फैसला? जानें कब तक आपके खाते में आएंगे ₹2000
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से ठीक पहले, देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आ सकती है। आज, यानी बुधवार 12 नवंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 21वीं किस्त जारी करने की तारीख पर फैसला हो सकता है।
किसानों को उम्मीद है कि बिहार चुनाव के बाद सरकार जल्द ही उनके खातों में ₹2000 की अगली किस्त भेज सकती है। इससे पहले, योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त, 2025 को जारी की गई थी, जिसके तहत देशभर के 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में ₹20,500 करोड़ भेजे गए थे।
क्या है पीएम-किसान योजना?
पीएम-किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत पात्र किसानों को हर साल ₹6000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि ₹2000-₹2000 की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है।
इस बार किसे मिलेगा पैसा? 3 शर्तें हैं जरूरी
इस बार 21वीं किस्त का पैसा सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने यह तीन जरूरी काम पूरे कर लिए हैं:
- e-KYC: अपना e-KYC पूरा कर लिया हो।
- आधार-बैंक अकाउंट लिंक: आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक हो।
- भूमि सत्यापन: अपनी जमीन के कागजात का सत्यापन (Land Verification) करा लिया हो।
अगर आपने इन तीनों में से कोई भी काम नहीं कराया है, तो आपकी किस्त अटक सकती है।
इन 4 राज्यों में पहले ही पहुंच चुका है पैसा
आपको बता दें कि कुछ राज्यों में किसानों के खातों में 21वीं किस्त का पैसा पहले ही भेजा जा चुका है। बाढ़ प्रभावित हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में किसानों को यह पेमेंट एडवांस में कर दिया गया था। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर में भी 7 अक्टूबर, 2025 को किसानों को पैसा मिल चुका है।
कैसे चेक करें अपना स्टेटस?
आपकी किस्त का पैसा आएगा या नहीं, यह आप घर बैठे आसानी से चेक कर सकते हैं:
- सबसे पहले पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर 'Know Your Status' के विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड डालें।
- 'Get Data' पर क्लिक करते ही आपको अपनी किस्त का पूरा स्टेटस पता चल जाएगा।