AI समिट से ठीक पहले बिल गेट्स का बड़ा फैसला कीनोट स्पीच से वापस खींचे कदम, अब ये दिग्गज संभालेगा गेट्स फाउंडेशन की कमान
News India Live, Digital Desk: दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' (India AI Impact Summit) से एक बड़ी खबर सामने आई है। पिछले दो दिनों से जारी सस्पेंस के बाद अब आधिकारिक तौर पर यह साफ हो गया है कि माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स (Bill Gates) इस समिट में अपना मुख्य भाषण (Keynote Address) नहीं देंगे। उनकी जगह अब गेट्स फाउंडेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी मंच संभालेंगे।
ऐन वक्त पर क्यों बदला फैसला?
बिल गेट्स का भाषण 19 फरवरी को निर्धारित था, लेकिन गेट्स फाउंडेशन ने आज एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि 'गहन विचार-विमर्श' के बाद यह निर्णय लिया गया है कि गेट्स इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवादित 'एपस्टीन फाइल्स' (Epstein Files) में नाम आने के बाद उठे राजनीतिक विवाद और सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं के बीच यह कदम उठाया गया है, ताकि समिट की मुख्य प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित रहे।
अंकित (अंकुर) वोरा करेंगे प्रतिनिधित्व
बिल गेट्स की अनुपस्थिति में अब अंकुर वोरा (Ankur Vora), जो गेट्स फाउंडेशन के अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष हैं, समिट में फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह बिल गेट्स के स्थान पर अपना संबोधन देंगे। फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि भले ही गेट्स व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो रहे हैं, लेकिन संस्था भारत के स्वास्थ्य और विकास लक्ष्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विपक्ष के निशाने पर थी सरकार
बता दें कि बिल गेट्स की भागीदारी को लेकर भारत में सियासी पारा चढ़ा हुआ था। शिवसेना (UBT) और कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों ने एपस्टीन विवाद का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से सवाल पूछे थे। यहाँ तक कि समिट की आधिकारिक वेबसाइट से बिल गेट्स का नाम अस्थायी रूप से हटने और फिर वापस आने से भी काफी भ्रम पैदा हुआ था।
भारत दौरे पर आए थे गेट्स
दिलचस्प बात यह है कि बिल गेट्स इस हफ्ते भारत दौरे पर ही थे। उन्होंने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की थी और राज्य में तकनीक व एआई के क्षेत्र में हो रहे काम की सराहना भी की थी। हालांकि, दिल्ली के मुख्य कार्यक्रम से उनकी दूरी अब चर्चा का विषय बन गई है।