बेतिया मनुआ पुल से कालीबाग़ थाना तक डबल लेन सड़क व नाला निर्माण को मिली मंजूरी 8.88 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य शुरू हुआ
बेतिया नगर निगम क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि मनुआ पुल स्थित एनएच-727 से जमादार टोला होते हुए कालीबाग थाना तक डबल लेन पीसीसी रोड और आरसीसी नाला निर्माण की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। करीब 8.88 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क परियोजना का कार्य अब जल्द ही शुरू होने वाला है।
मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत स्वीकृत इस परियोजना को बिहार राज्य शहरी आधारभूत संरचना निर्माण निगम (BRUSICCL) द्वारा पूरा किया जाएगा। निगम ने इस कार्य के लिए 12 महीने की समयसीमा तय की है, जबकि चयनित निर्माण एजेंसी अगले 7 वर्षों तक रोड और नाले के मेंटेनेंस की भी जिम्मेदारी निभाएगी।

महापौर सिकारिया ने इसे नगर निगम क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह डबल लेन पीसीसी रोड और आरसीसी नाला घनी आबादी वाले इलाकों में आवागमन को सुगम बनाएगा और जलजमाव की समस्या से भी राहत दिलाएगा। उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और नगर निगम क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर उतरने जा रही है।
उन्होंने नगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर के बुनियादी ढांचे को एक नया आयाम देगी।