BREAKING:
April 14 2026 12:40 pm

Air India CEO Resigns: मुश्किल दौर में टाटा ग्रुप को बड़ा झटका, एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन का इस्तीफा, 20,000 करोड़ के घाटे ने बढ़ाई टेंशन!

Post

नई दिल्ली | टाटा समूह के स्वामित्व वाली दिग्गज एयरलाइन एयर इंडिया (Air India) से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइन के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) कैंपबेल विल्सन (Campbell Wilson) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विल्सन का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब एयर इंडिया अपने सबसे खराब वित्तीय संकट और सुरक्षा जांच के दौर से गुजर रही है। हालांकि, वे तब तक पद पर बने रहेंगे जब तक टाटा बोर्ड उनके उत्तराधिकारी (Successor) का चयन नहीं कर लेता।

अहमदाबाद विमान हादसा और भारी घाटा बना विदाई की वजह?

कैंपबेल विल्सन का कार्यकाल सितंबर 2027 तक था, लेकिन उन्होंने अनुबंध खत्म होने से पहले ही हटने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, विल्सन की विदाई के पीछे पिछले साल अहमदाबाद में हुआ भीषण विमान हादसा और उसके बाद शुरू हुई सख्त रेगुलेटरी जांच को मुख्य कारण माना जा रहा है। उस हादसे में 260 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इसके साथ ही, वित्त वर्ष 2026 में एयर इंडिया को 20,000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड घाटा होने का अनुमान है, जिसने मैनेजमेंट की चिंताओं को बढ़ा दिया है।

पश्चिम एशिया युद्ध और बढ़ती लागत ने बिगाड़ा एयरलाइन का गणित

सिर्फ आंतरिक चुनौतियां ही नहीं, बल्कि वैश्विक परिस्थितियों ने भी एयर इंडिया की कमर तोड़ दी है। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण हवाई क्षेत्र (Airspace) पर लगी पाबंदियों ने परिचालन लागत (Operational Cost) को आसमान पर पहुंचा दिया है। एयरलाइन को अब लंबे और वैकल्पिक रास्तों से उड़ान भरनी पड़ रही है, जिसके कारण ईंधन की खपत बढ़ गई है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बीच में स्टॉपेज लेने पड़ रहे हैं।

नए CEO की तलाश तेज, क्या होगा अगला कदम?

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एयर इंडिया के नए बॉस की तलाश इसी साल जनवरी से शुरू हो गई थी। एयरलाइन अब एक ऐसे अनुभवी लीडर की तलाश में है जिसे ग्लोबल फुल-सर्विस कैरियर चलाने का लंबा अनुभव हो। बताया जा रहा है कि बोर्ड उम्मीदवारों के साथ बातचीत के अंतिम चरण में है और अगले सप्ताह एक महत्वपूर्ण बैठक होनी है। माना जा रहा है कि AI 171 विमान हादसे की क्रैश रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद ही नए CEO के नाम का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।

विमानन क्षेत्र में मची खलबली: इंडिगो के बाद अब एयर इंडिया

भारतीय विमानन क्षेत्र (Aviation Sector) में इन दिनों बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। एयर इंडिया से पहले भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स ने भी 10 मार्च को अचानक इस्तीफा दे दिया था, जिनकी जगह विलियम वॉल्श ने संभाली है। अब एयर इंडिया में शीर्ष स्तर पर हो रहे इस बदलाव ने पूरे मार्केट में हलचल पैदा कर दी है। फिलहाल, टाटा ग्रुप या एयर इंडिया की ओर से इस इस्तीफे पर कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं की गई है।