बिहार कांग्रेस में चुनाव हार के बाद बड़ा खेल? कार्यकर्ता बोले हमारे ही नेताओं ने बेची टिकट

Post

News India Live, Digital Desk : अभी हाल ही में हुए चुनाव परिणामों के बाद बिहार कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. खबर है कि पार्टी के भीतर ही बड़ा घमासान मचा हुआ है. पटना के सदाकत आश्रम में, जो बिहार कांग्रेस का मुख्य दफ्तर है, कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. उनका गुस्सा एआईसीसी (AICC) बिहार प्रभारी भक्त चरण दास और कुछ बड़े नेताओं पर फूटा, जिनमें राजेश राम और पप्पू यदव का नाम सामने आ रहा है.

विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इन नेताओं ने पार्टी को चुनाव में हरवाने का काम किया. उनकी मानें तो टिकट बेचने और भीतर ही भीतर पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ साजिश रचने का काम किया गया, जिसकी वजह से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा. कार्यकर्ता 'कांग्रेस को हराने वाले मुर्दाबाद' जैसे नारे लगाते दिखे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि भीतर का गुस्सा अब बाहर निकल चुका है.

इस विरोध की अगुवाई कर रहे प्रदेश महासचिव डॉ. शशि रंजन और अन्य कार]्यकर्ताओं ने नेताओं पर सीधे-सीधे पार्टी के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि इन हरकतों से पार्टी की साख को काफी नुकसान हुआ है. उन्होंने आलाकमान से इन सभी नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और नेतृत्व में बदलाव करने की मांग भी की है. कई कार्यकर्ताओं ने तो यहाँ तक कह दिया है कि अगर उनकी बातें नहीं सुनी गईं और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अपने पद से इस्तीफा भी दे सकते हैं. यह दिखाता है कि अंदरखाने असंतोष कितना गहरा है. यह सब तब हो रहा है जब बिहार कांग्रेस चुनाव में प्रदर्शन को लेकर पहले से ही दबाव में है.