गाजा में पांच साल से कम उम्र के 55,000 बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित
संयुक्त राष्ट्र के एक नए अध्ययन के अनुसार, गाजा में पांच वर्ष से कम आयु के अनुमानित 54,600 बच्चे कुपोषण से पीड़ित हैं, जिनमें से 12,800 से अधिक की हालत गंभीर है। ऐसा इजरायल और हमास के बीच दो वर्ष से चल रहे युद्ध तथा खाद्यान्न की गंभीर कमी के कारण हो रहा है।
संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी फॉर फिलिस्तीन रिफ्यूजीज इन द नियर ईस्ट ( जो फिलिस्तीनी शरणार्थियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है) के विश्लेषण के अनुसार, अगस्त के आरंभ तक गाजा में छह महीने से पांच वर्ष की आयु के लगभग 16 प्रतिशत बच्चे जीवन के लिए खतरनाक कुपोषण से पीड़ित थे।
कुपोषण के इस घातक रूप को वेस्टिंग कहा जाता है। चार प्रतिशत बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित हैं। वेस्टिंग के इलाज के लिए कई हफ़्तों तक पोषण संबंधी सहायता और कभी-कभी अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता होती है।
एक प्रमुख पत्रिका में प्रकाशित यह अध्ययन , इस क्षेत्र में भूख से पीड़ित बच्चों पर अब तक का सबसे व्यापक अध्ययन है। यह जनवरी 2024 से अगस्त के मध्य तक गाजा के कई स्वास्थ्य केंद्रों में लगभग 2,20,000 बच्चों की जाँच पर आधारित है ।
अध्ययन में कहा गया है कि गाजा में पांच वर्ष से कम आयु के 54,600 से अधिक बच्चे कुपोषण से पीड़ित हैं और उनमें से 12,800 की हालत गंभीर है।
अध्ययन के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मासाको होरिनो ने एक बयान में कहा, "गाजा पट्टी में हजारों प्रीस्कूल आयु के बच्चे गंभीर कुपोषण से पीड़ित हैं, जिसे रोका जा सकता है। इन बच्चों में मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है।"