यमुनानगर: भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है: असीम गोयल

यमुनानगर,7 मई (हि.स.)। यमुनानगर के निजी पैलेस में मंगलवार को आयोजित त्रिदेव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सरकार मंत्री असीम गोयल ने शिरकत की। परिवहन मंत्री असीम गोयल ने भाजपा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में बहुत तेजी से पूरे भारत में आगे बढ़ रही है। यह समय लोकसभा चुनाव का चल रहा है।

उन्होंने कहा कि इस समय भाजपा कार्यकर्ताओं को रात-दिन भाजपा के पक्ष में प्रचार प्रसार करना है व जनता को भाजपा सरकार की नीतियों से अवगत कराते हुए भाजपा के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील करनी है। भाजपा कार्यकर्ता मेहनती व जमीन से जुड़े हुए कार्यकर्ता होते हैं। विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को ज्यादा से ज्यादा मत मिले इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन लगातार होता रहता है। आज के त्रिदेव सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत दिखाई दे रही है। भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि जिला यमुनानगर में भाजपा संगठन मजबूती से कार्य कर रहा है। आज जिला यमुनानगर की चारों विधानसभा सीटों पर त्रिदेव सम्मेलन आयोजित कर पार्टी ने इसका प्रमाण दे दिया है।