सर्दी आ गई, कम बजट में करनी है गर्म कपड़ों की शॉपिंग? बिहार-बंगाल-झारखंड के ये बाजार हैं बेस्ट

Post

सर्दियों ने दस्तक दे दी है और इसी के साथ शुरू हो गई है गर्म कपड़ों की खरीदारी। अगर आप भी इस मौसम में अपनी जेब पर ज्यादा बोझ डाले बिना स्टाइलिश और गर्म कपड़े खरीदना चाहते हैं, तो मॉल के महंगे शोरूम को भूल जाइए। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कुछ ऐसे कमाल के बाजार हैं, जहां आपको ब्रांडेड स्वेटर, जैकेट और थर्मल वियर भी आधे से कम दाम में मिल जाएंगे।

आइए, आपको ले चलते हैं पूर्वी भारत के उन बाजारों की सैर पर, जहां होती है सर्दियों की सबसे सस्ती शॉपिंग।

बिहार: पटना का गांधी मैदान और मारुफगंज

जब भी पटना में सस्ती विंटर शॉपिंग की बात होती है, तो सबसे पहला नाम गांधी मैदान में लगने वाले विंटर एक्सपो (Winter Expo) का आता है। यहां आपको मोंटे कार्लो, जॉकी, रूपा थर्मोकोट और लक्स जैसे बड़े ब्रांड्स के थर्मल वियर सिर्फ 250 से 550 रुपये के बीच आसानी से मिल जाते हैं। इसके अलावा, मारुफगंज और मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स की गलियों में आपको 150 रुपये से शुरू होने वाले बेहतरीन शॉल और स्वेटर मिल जाएंगे। यहां मोलभाव करने की कला आपके बहुत काम आएगी।

झारखंड: रांची का अपर बाजार और पोताला मार्केट

झारखंड की राजधानी रांची का अपर बाजार गर्म कपड़ों का सबसे सस्ता ठिकाना माना जाता है। यहां आपको 300 से 500 रुपये में अच्छी क्वालिटी के ब्रांडेड थर्मल्स मिल जाएंगे। पास में ही बड़ा तालाब मार्केट है, जहां स्वेटर की कीमत 200 रुपये से शुरू होती है, और बच्चों के गर्म कपड़े तो सिर्फ 120 रुपये में भी मिल जाते हैं।

लेकिन रांची की असली जान है पोताला मार्केट। यह एक मौसमी बाजार है, जो हर सर्दी में तिब्बती शरणार्थियों द्वारा लगाया जाता है। यहां आपको स्वेटर, जैकेट, शॉल, टोपी से लेकर मोजे तक, सब कुछ फैक्ट्री रेट पर मिलता है। 300-400 रुपये में आपको यहां ऐसी स्टाइलिश जैकेट मिल सकती है, जो मॉल में हजारों की होगी।

पश्चिम बंगाल: कोलकाता का गरियाहाट और न्यू मार्केट

'सिटी ऑफ जॉय' कोलकाता शॉपिंग के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। सर्दियों में गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए गरियाहाट मार्केट और न्यू मार्केट सबसे बेस्ट जगहें हैं। यहां आपको ओसवाल, ड्यूक और कैंटाबिल जैसे ब्रांड्स के जैकेट और स्वेटर बेहद सस्ते दामों पर मिल जाएंगे। न्यू मार्केट की खासियत यह भी है कि यहां आपको हाथ से बुने हुए बेहद खूबसूरत स्वेटर भी कम कीमत पर मिल जाते हैं, जो देखने में बहुत यूनिक लगते हैं।

कम दाम में मिलते हैं ये टॉप ब्रांड्स

इन बाजारों में आपको मोंटे कार्लो, डॉलर, लक्स, रूपा, जॉकी, ओसवाल और ड्यूक जैसे कई पॉपुलर ब्रांड्स के ऊनी कपड़े मिल जाएंगे, जिनकी कीमत ऑनलाइन या बड़े स्टोर्स के मुकाबले काफी कम होती है।

तो अगली बार जब आपको सर्दियों की शॉपिंग करनी हो, तो इन बाजारों का चक्कर लगाना न भूलें। यहां आपको वैरायटी भी मिलेगी और आपके पैसे भी बचेंगे