चुनाव हारे तो फूट पड़ी बिहार कांग्रेस पटना में जमकर हंगामा, जानें क्या हैं कार्यकर्ताओं के आरो
News India Live, Digital Desk: चुनाव परिणाम आने के बाद से बिहार कांग्रेस में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है. पटना स्थित बिहार कांग्रेस के मुख्यालय, सदाकत आश्रम में हाल ही में कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. उनका गुस्सा प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास, और पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं, जिनमें राजेश राम और पप्पू यादव का नाम शामिल है, पर निकला.
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सीधा आरोप है कि इन नेताओं की वजह से ही पार्टी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. उनका कहना है कि इन लोगों ने पैसे लेकर टिकट बेचे और भीतर ही भीतर पार्टी उम्मीदवारों को हरवाने की साजिश रची, जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा. विरोध के दौरान कार्यकर्ता 'कांग्रेस को हरने वाले मुर्दाबाद' जैसे नारे लगा रहे थे, जिससे उनकी नाराजगी साफ झलक रही थी.
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महासचिव डॉ. शशि रंजन कर रहे थे. उन्होंने और अन्य कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है, जिससे कांग्रेस की पतिष्ठा को गहरा धक्का लगा है. उन्होंने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि ऐसे सभी नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बिहार कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव किया जाए. कुछ कार्यकर्ताओं ने तो यहाँ तक चेतावनी दे दी है कि अगर उनकी मांगो पर गौर नहीं किया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अपने पदों से इस्तीफा दे देंगे. यह दिखाता है कि बिहार कांग्रेस के अंदर असंतोष काफी गहरा चुका है और पार्टी को चुनाव में मिली असफलता के बाद अंदरूनी चुनौतियाँ बढ़ गई हैं.