कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट-उपमुख्यमंत्री त्वरित राहत एवं निगरानी के दिए निर्देश जिलाधिकारी रहें घटना स्थल पर मौजूद रहें
प्रयागराज-कौशाम्बी सीमा के पास पिपरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना में जनहानि का समाचार प्राप्त होते ही उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्री मौर्य ने जिलाधिकारी प्रयागराज/कौशाम्बी, पुलिस आयुक्त प्रयागराज, पुलिस अधीक्षक, कौशाम्बी तथा प्रयागराज एवं कौशाम्बी के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर घटना की जानकारी ली और घायलों को तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत एवं उपचार कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
घटना में घायल लोगों का उपचार प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में किए जाने की जानकारी मिलने पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य तत्काल अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रशासन से घायलों की स्थिति एवं उपचार की जानकारी ली तथा घायलों के समुचित एवं प्रभावी उपचार के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने घटना के कारणों की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और यदि किसी की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।