केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में कहा “हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं
श्री मौर्य ने आज 7 कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन में कहा, “प्रदेशभर से आए मेरे युवा दोस्तों, मां-बाप समान बुजुर्गों और बहनों की समस्याओं को मैंने सुना और समझा है। मैं हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का हर परिवार सुख, सम्मान और समृद्धि से पूर्ण हो।” उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दर्शन में आए युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को सुनने के साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने इन प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर संपर्क कर दिए निर्देश । जिलाधिकारी आगरा, बहराइच, फर्रुखाबाद, शामली, अयोध्या, हमीरपुर एवं मैनपुरी सहित पुलिस अधीक्षक मऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर और कौशाम्बी से दूरभाष पर वार्ता कर जनसमस्याओं के नियमानुसार शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कई प्रकरणों में लिखित आदेश भी जारी किए गए। जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।