प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, प्रयागराज को वंदे भारत स्लीपर और मेमू ट्रेन की सौगात: केशव प्रसाद मौर्य

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, प्रयागराज को वंदे भारत स्लीपर और मेमू ट्रेन की सौगात: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन पर वाराणसी–प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रामबाग से वाराणसी तक मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। वहीं, प्रयागराज जंक्शन पर वाराणसी–नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेवा के संचालन से भी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिली।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्र उन्हें नमन कर रहा है। सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव मजबूत की थी। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक रेल नेटवर्क देश के कोने-कोने को जोड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार कर रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, महापौर श्री गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. बी.के. सिंह, जनप्रतिनिधिगण, रेलवे के अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।

Tags: