उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 28 नवंबर को महोबा, बांदा एवं कानपुर नगर के दौरे पर विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को देंगे आवश्यक दिशा-निर्देश

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 28 नवंबर को महोबा, बांदा एवं कानपुर नगर के दौरे पर विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को देंगे आवश्यक दिशा-निर्देश

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य दिनांक 28 नवंबर, 2026 को जनपद महोबा, बांदा एवं कानपुर नगर के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे तथा संबंधित जनपदों में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के आवास पर भी जाएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री सर्वप्रथम जनपद महोबा पहुंचेंगे। यहां वह माननीय विधायक श्री बृजभूषण राजपूत जी के आवास जाएंगे। इसके उपरांत निरीक्षण भवन (लोक निर्माण विभाग), महोबा में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे। इस दौरान वह माननीय विधायक श्री राकेश गोस्वामी जी एवं भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री मोहनलाल कुशवाहा जी के आवास पर भी जाएंगे। जनपद बांदा में उप मुख्यमंत्री निरीक्षण भवन (लोक निर्माण विभाग) में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके पश्चात विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। श्री मौर्य पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, बांदा में आयोजित रामकथा में भी सम्मिलित होंगे।

जनपद कानपुर नगर के भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति एवं कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वह माननीय सदस्य विधान परिषद श्री मानवेंद्र सिंह जी तथा माननीय विधानसभा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश श्री सतीश महाना जी के आवास पर भी जाएंगे। भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री का विशेष जोर संगठनात्मक संवाद, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय तथा विकास कार्यों को गति देने पर रहेगा।

Tags: