अखिलेश को सनातन की चिंता करने की जरूरत नहीं : केशव प्रसाद मौर्य

अखिलेश को सनातन की चिंता करने की जरूरत नहीं : केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण और उनकी जन्मभूमि की चिंता है तो वे मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े आंदोलन में आगे आएं। जन्मभूमि परिसर में बनी ईदगाह को हटाने के आंदोलन में केशव प्रसाद मौर्य उनके साथ खड़ा मिलेगा। लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें मुस्लिम वोट बैंक की चिंता है। उनकी राजनीति तुष्टिकरण पर टिकी है। वे रामभक्तों, कृष्णभक्तों और शिवभक्तों के साथ खड़े होने का साहस नहीं दिखा सकते।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सनातन धर्म और संत समाज की चिंता करने की जरूरत नहीं है। बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी हमारे सनातनी परिवार के संत हैं। उन्होंने अपनी भावनाओं में जो बात कही, देश के संतों ने भी उसका समर्थन किया है। ब्रज क्षेत्र में भी उनके वक्तव्य को लेकर कोई दिक्कत नहीं है, परेशानी केवल अखिलेश यादव को है। इससे साफ है कि सनातन के बढ़ते प्रभाव से विपक्ष बेचैन है।

श्री मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा पर टिप्पणी करने से पहले अपने राजनीतिक आचरण पर विचार करना चाहिए। संतों और धर्माचार्यों के विषय धार्मिक जगत से जुड़े हैं। किसी संत के वक्तव्य पर प्रतिक्रिया देने का अधिकार भी संत समाज और पूज्य आचार्यों को है, राजनीतिक दलों को नहीं। बागेश्वर धाम सरकार के प्रति अखिलेश यादव की टिप्पणी निंदनीय है । उन्हें इसके लिए क्षमा मांगनी चाहिए।

 

Tags: