'फ्री इमरान खान' टीशर्ट पर मेलबर्न में हंगामा: पहले रोका, फिर 'मानवीय मुद्दा' बताकर मिली एंट्री; गावस्कर-कपिल देव भी समर्थन में!
मेलबर्न के क्रिकेट मैदान पर उस वक्त विवाद खड़ा हो गया जब एक प्रशंसक को सिर्फ इसलिए स्टेडियम में घुसने से रोक दिया गया क्योंकि उसने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान के समर्थन वाली टीशर्ट पहनी थी। हालांकि, मामला बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों को अपना फैसला बदलना पड़ा। यह घटना विक्टोरिया और साउथ ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे शेफील्ड शील्ड फाइनल के पहले दिन जंक्शन ओवल में घटी।
सुरक्षाकर्मियों ने लगाया 'राजनीतिक' ठप्पा, प्रशंसक हैरान
'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' की रिपोर्ट के अनुसार, ल्यूक ब्राउन नाम के एक क्रिकेट प्रेमी जब स्टेडियम पहुंचे, तो सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया। उनकी टीशर्ट पर ‘फ्री इमरान खान’ लिखा था। सुरक्षाकर्मियों का तर्क था कि यह एक 'राजनीतिक बयान' है, जिसकी मैदान के अंदर अनुमति नहीं दी जा सकती। ल्यूक ब्राउन ने इस पर हैरानी जताते हुए कहा, "जब मुझे रोका गया तो मैं दंग रह गया। मुझे पता है कि उन्हें नियमों का पालन करना होता है, लेकिन यह मेरे लिए अप्रत्याशित था।"
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का यू-टर्न: अब 'मानवीय मुद्दा' बना मामला
शुरुआती सख्ती के बाद जब स्थिति की समीक्षा की गई, तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के रुख में बड़ी नरमी देखी गई। बोर्ड के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि अब वे इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देख रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा, "क्रिकेट जगत में इमरान खान की सेहत और भलाई को लेकर गहरी चिंता है। हम इसे अब एक मानवीय मुद्दा मान रहे हैं और उसी के आधार पर प्रशंसक को अनुमति दी जाएगी।"
सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत 14 कप्तानों का साथ
यह विवाद ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान के समर्थन में उतर आए हैं। हाल ही में भारत के सुनील गावस्कर, कपिल देव और ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल सहित 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने एक साझा याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं। इस याचिका में पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया गया है कि 2023 से जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट लेजेंड को उचित चिकित्सा सुविधा और मानवीय गरिमा प्रदान की जाए।