IPL 2026 : करोड़ों फैंस का टूटा दिल एमएस धोनी शुरुआती मैचों से बाहर, थाला की चोट ने बढ़ाई चेन्नई सुपर किंग्स की टेंशन
News India Live, Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज से पहले क्रिकेट जगत से एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खेमे और दुनिया भर में फैले एमएस धोनी के चाहने वालों को सन्न कर दिया है। मैदान पर अपनी चपलता से उम्र को मात देने वाले 'कैप्टन कूल' एमएस धोनी चोटिल हो गए हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो धोनी 'काफ स्ट्रेन' (पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव) से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उनके आईपीएल के पहले दो हफ्तों के मैचों में खेलने पर सस्पेंस बन गया है।
प्रैक्टिस सेशन के दौरान लगी चोट, कराह उठे माही!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चेपॉक स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस के दौरान एक रन चुराने की कोशिश में धोनी की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। माही को तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। हालांकि सीएसके मैनेजमेंट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि 44 वर्षीय दिग्गज को पूरी तरह फिट होने में कम से कम 15 दिन का समय लग सकता है। अगर ऐसा होता है, तो धोनी सीजन के शुरुआती 3 से 4 बड़े मुकाबले मिस कर सकते हैं।
कौन संभालेगा विकेट के पीछे की कमान? ऋतुराज की बढ़ी मुश्किलें
धौनी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि मैदान पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के सबसे बड़े मार्गदर्शक भी हैं। उनकी गैरमौजूदगी में न केवल टीम के कॉम्बिनेशन पर असर पड़ेगा, बल्कि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी किसी और को संभालनी होगी। चेन्नई के पास डेवोन कॉनवे के रूप में विकल्प तो है, लेकिन धोनी की स्टंपिंग वाली फुर्ती और डीआरएस (DRS) लेने की महारत की कमी टीम को खल सकती है। फैंस अब दुआ कर रहे हैं कि 'थाला' जल्द से जल्द रिकवर होकर पीली जर्सी में मैदान पर दहाड़ते नजर आएं।
क्या यह धोनी का आखिरी सीजन होगा?
हर साल की तरह इस साल भी चर्चा तेज है कि क्या आईपीएल 2026 धोनी का आखिरी टूर्नामेंट है। ऐसे में सीजन की शुरुआत में ही चोटिल होना उनके संन्यास की अटकलों को और हवा दे रहा है। हालांकि, धोनी ने हमेशा अपनी फिटनेस से सबको चौंकाया है। चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने उम्मीद जताई है कि धोनी जल्द वापसी करेंगे, लेकिन शुरुआती मैचों में उन्हें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर इस्तेमाल करने या आराम देने पर विचार किया जा रहा है।