BREAKING:
April 09 2026 08:13 pm

बेंगलुरु में DRDO लैब को बम से उड़ाने की धमकी: हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

Post

देशभर में शैक्षणिक और सरकारी संस्थानों को मिल रही धमकियों के बीच अब बेंगलुरु स्थित गैस टरबाइन रिसर्च एस्टैब्लिशमेंट (GTRE) को निशाना बनाने की कोशिश की गई है। सोमवार को इस प्रतिष्ठित रक्षा लैब को एक के बाद एक कई धमकी भरे ईमेल मिले, जिसके बाद हड़कंप मच गया। बयप्पनहल्ली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थित इस लैब की सुरक्षा तुरंत बढ़ा दी गई है। जैसे ही ईमेल की सूचना मिली, पुलिस ने बिना देरी किए बम निरोधक दस्ते और फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर पूरे परिसर को खाली कराया। घंटों चली सघन तलाशी के बाद राहत की खबर यह रही कि वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

तमिल भाषा में आया खौफनाक मेल: दोपहर 1:30 बजे धमाके का था दावा

जांच में सामने आया है कि यह धमकी भरा ईमेल तमिल भाषा में लिखा गया था। इसमें दावा किया गया था कि परिसर के अंदर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) फिट कर दिए गए हैं, जो दोपहर ठीक 1:30 बजे फट जाएंगे। धमकी देने वाले ने केवल धमाके की बात ही नहीं की, बल्कि एक बेहद संवेदनशील चेतावनी भी दी। मेल में तमिलनाडु के एक प्रभावशाली राजनेता के पोते के अपहरण की बात कही गई थी, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

तमिलनाडु CM के पोते के किडनैपिंग की साजिश? ईमेल आईडी ने चौंकाया

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा खुलासा ईमेल आईडी को लेकर हुआ है। खबरों के मुताबिक, यह मेल 'Kiruthiha.udhayanidhi@hotmail' नामक आईडी से भेजा गया था। इसमें स्पष्ट रूप से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के पोते, इनबानिधि के अपहरण की साजिश रचने की चेतावनी दी गई थी। सीएम के परिवार से जुड़े इस इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां और साइबर सेल अब इस ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुटी हैं।

बेंगलुरु में रक्षा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ी, साइबर सेल सक्रिय

धमकी भरे मेल मिलने के बाद केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) ने आरोपियों को दबोचने के लिए अपनी जांच तेज कर दी है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु के सभी महत्वपूर्ण रक्षा संस्थानों और वीआईपी इलाकों की सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है। फिलहाल, साइबर क्राइम की टीमें डिजिटल फुटप्रिंट्स के जरिए भेजने वाले की तलाश कर रही हैं।