झारखंड में गर्मी से मिलेगी राहत! अगले 5 दिन तापमान गिरेगा 5 डिग्री तक-रांची समेत कई जिलों में Orange Alert जारी
रांची। झारखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अगले पांच दिनों यानी 28, 29, 30 अप्रैल और 1-2 मई के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किए गए हैं।
इन जिलों में Orange Alert, 50-60 km/h की रफ्तार से चलेगी हवा
मौसम विभाग ने 28 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की तेज हवा के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। शेष जिलों में 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की हवा के लिए येलो अलर्ट जारी है और यह स्थिति 3 मई तक बनी रह सकती है।
डाल्टनगंज में 44.9 डिग्री, 8 जिलों में पारा 40 के पार
फिलहाल पूरे राज्य में गर्मी का कहर जारी है। राजधानी रांची समेत 8 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। डाल्टनगंज में सर्वाधिक 44.9 डिग्री, सरायकेला खरसावां में 44 डिग्री, चाईबासा में 43.4 डिग्री, जगन्नाथपुर में 41.6 डिग्री, जमशेदपुर में 41.5 डिग्री और रांची में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
रांची का अगले 4 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार राजधानी रांची में 28 और 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री, 30 अप्रैल को 37 डिग्री और 1 मई को 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री के बीच रहेगा। उत्तर पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर शेष जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
बच्चों और बुजुर्गों को रखें विशेष ध्यान
मौसम विभाग ने आमजनों से अपील की है कि आकाशीय बिजली को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पीते रहें और धूप से बचाव करें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। गोड्डा के सुंदर पहाड़ी इलाके में सोमवार को 60.2 मिमी वर्षापात रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सर्वाधिक रहा।