T20 World Cup 2026: दक्षिण अफ्रीका को रौंदकर भारत ने भरी हुंकार, लेकिन हर्षित राणा की चोट ने बढ़ाई टेंशन
नवी मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से ठीक पहले भारतीय टीम ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। बुधवार (5 फरवरी) को खेले गए वार्मअप मैच में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि, इस बड़ी जीत के बीच तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) की चोट ने भारतीय खेमे और प्रशंसकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
इशान किशन का तूफान और छक्कों की बरसात
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने मैदान के चारों ओर ताबड़तोड़ शॉट लगाए और शानदार अर्धशतक जड़ा। इशान की पारी में 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। पूरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 19 छक्कों की मदद से 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
गेंदबाजी के दौरान लड़खड़ाए हर्षित राणा
241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ जब भारत गेंदबाजी कर रहा था, तब दिल्ली के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल हो गए। राणा गेंदबाजी करते समय काफी असहज दिख रहे थे और एक ही ओवर में दो बार अपनी डिलीवरी स्ट्राइड से पीछे हटे। उन्हें अपने दाहिने घुटने को पकड़कर दर्द से कराहते देखा गया। 16 रन देने के बाद वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए और फिर मैच में वापसी नहीं की।
तिलक वर्मा की वापसी, सुंदर की फिटनेस पर नजर
भारतीय टीम के लिए एक राहत भरी खबर तिलक वर्मा की वापसी रही। चोट के कारण करीब एक महीने तक मैदान से दूर रहने वाले तिलक ने न सिर्फ बल्लेबाजी की, बल्कि गेंदबाजी में भी 3 ओवर हाथ आजमाए। वहीं, वाशिंगटन सुंदर भी अपनी चोट से उबर रहे हैं। वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस बीसीसीआई (BCCI) के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई है।
7 फरवरी को अमेरिका से पहला मुकाबला
भारतीय कप्तान ने इस वार्मअप मैच में प्रयोग करते हुए कुल 9 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिसमें अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे पार्ट-टाइम गेंदबाज भी शामिल थे। भारत को वर्ल्ड कप का अपना पहला आधिकारिक मैच 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेलना है। अगर हर्षित राणा की चोट गंभीर होती है, तो बुमराह और अर्शदीप के साथ बैकअप के तौर पर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाएगी।