देश के टुकड़े-टुकड़े करने वाले विपक्ष के साथ, राष्ट्रभक्त मोदी के साथ : संजय भाटिया

प्रयागराज, 07 मई (हि.स.)। देश को आजाद कराने में हमारे पूर्वजों ने, आपके बाप-दादा हंसते-हंसते फांसी पर चढ़ गए। शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, चन्द्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल आदि सैकड़ों लोग फांसी पर चढ़ गए। इसलिए की भारत का वैभव बढ़े, हमारा देश एक रहे, देश की धर्म संस्कृति व वैभव विश्व में स्थापित हो। वह सब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहें हैं। लेकिन जो लोग हिन्दुस्तान के टुकड़े करना चाहते थे वो लोग विपक्ष के साथ खड़े हैं, मोदी को रोकने के लिए।

यह बातें मंगलवार की सायं भाजपा केन्द्रीय चुनाव कार्यालय रामपुर करछना में आयोजित इलाहाबाद लोकसभा प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि करनाल हरियाणा के सांसद व उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी संजय भाटिया ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कही। उन्होंने कहा कि हम लोग भारत माता की जय बोलने वाले हैं, क्योंकि भारत को हम अपनी मां मानते हैं। अगर हम हिन्दुस्तान को अपनी मां मानते हैं तो हम जातियों में नहीं बंटेंगे।

उन्होंने कहा कि जैसे आप गांव के प्रधानी का चुनाव लड़ते हैं और जनता से स्वयं के लिए वोट मांगते हैं, उसी तरह बिना भेदभाव के चुनाव में लगें। यह वोट मोदीजी को जाना है और जब मोदीजी पुनः प्रधानमंत्री बनेंगे तो फायदा देश का होगा। देश की जनता का होंगा और भारत पुनः विश्वगुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष आपस में लड़ते हैं, एक दूसरे की हत्या करने-कराने में उतारूं रहते हैं। लेकिन मोदी को रोकने के लिए विपक्ष एक हो जाता है। इसलिए देश की भलाई के लिए आप सभी एक होकर भारत माता के जयकारे के साथ एक बार फिर मोदी सरकार नीरज त्रिपाठी चार लाख पार का संकल्प लें।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति ने किया। बैठक में काशी क्षेत्र महामंत्री व जिला प्रभारी यमुनापार सुशील त्रिपाठी, लोकसभा प्रभारी मनोज जायसवाल, लोकसभा संयोजक शिवदत्त पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, महानगर ज़िलाध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक करछना पियूष रंजन निषाद, लोकसभा प्रत्याशी प्रभारी व प्रदेश मंत्री कविता यादव त्रिपाठी, लोकसभा सह संयोजक बब्बू राम द्विवेदी रहे। मीडिया प्रभारी ने बताया कि संजय भाटिया ने एक-एक प्रबंधन समिति कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा की और उनके दायित्वों का बोध कराया और उत्साहवर्धन किया।