पुष्कर मेले में विदेशी महिला सैलानी का पर्स चुराने की कोशिश पड़ी भारी
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के दौरान राजस्थान के तीर्थ नगरी पुष्कर से एक हैरान कर देने वाला और कानून-व्यवस्था की पोल खोलने वाला वीडियो सामने आया है। अजमेर के विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले में इन दिनों देश-विदेश से लाखों पर्यटक, श्रद्धालु और विदेशी सैलानी पहुंचे हुए हैं। इसी दौरान मिले की भारी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक शातिर जेबकतरा विदेशी महिला सैलानी का पर्स उड़ाने की फिराक में था। लेकिन मौके पर मौजूद सूझबूझ भरी जनता और पर्यटकों ने उस चोर को रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने मेले के बीच बाजार में ही आरोपी की जमकर धुनाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है।
मेले की भीड़ का फायदा उठाकर विदेशी पर्यटक को बनाया निशाना
घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुष्कर मेले के मुख्य बाजार और मेला ग्राउंड में पैर रखने की जगह नहीं थी। चारों तरफ भारी भीड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर चल रहा था। इसी भीड़ का अनुचित लाभ उठाते हुए एक स्थानीय युवक ने वहां खरीदारी कर रही एक विदेशी महिला सैलानी को अपना निशाना बनाया। आरोपी ने बड़े शातिर तरीके से विदेशी महिला के कंधे पर टंगे बैग या पर्स की चैन खोलने की कोशिश की और उसमें रखे कीमती सामान व नकदी निकालने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि वहां खड़े कुछ अन्य सतर्क पर्यटकों और स्थानीय दुकानदारों की नजर उस जेबकतरे की संदिग्ध हरकतों पर पड़ गई, जिससे उसका यह नापाक मंसूबा कामयाब नहीं हो सका।
पब्लिक ने सिखाया सबक, बीच बाजार की पिटाई के बाद पुलिस के किया हवाले
जैसे ही जेबकतरे को विदेशी महिला का पर्स चुराते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और पुष्कर की छवि खराब करने वाले इस चोर को लोगों ने चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद बाजार के बीचोंबीच आरोपी की जमकर खातिरदारी की गई और थप्पड़ों-घूंसों से उसकी अच्छी खासी क्लास लगाई गई। इस दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हंगामे की सूचना मिलते ही पुष्कर मेले की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल और खुफिया दस्ते के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से बमुश्किल उस आरोपी को छुड़ाया और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गए, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल, प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी
इस पूरी घटना के बाद पुष्कर मेले में आने वाले विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और मेलों में जेबकतरों के सक्रिय गिरोह को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि हर साल पुष्कर मेले के दौरान देश-विदेश से मेहमान आते हैं, और ऐसी घटनाएं पर्यटन उद्योग को बड़ा झटका देती हैं। हालांकि, इस घटना के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने मेला परिसर में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं।