पंजाब रोडवेज की बस ने कुचली महिला, टांगे टूटी

ऊना, 17 अप्रैल (हि. स.)। आईएसबीटी ऊना के परिसर में पंजाब रोड़वेज की बस ने पैदल जा रही एक महिला को बुरी तरह से कुचल दिया। महिला को गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि महिला की टांगे बुरी तरह से फ्रैक्चर हुई है। पुलिस ने इस संबंध में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है।

जानकारी के मुताबिक पार्वती पत्नि हरजीत सिंह निवासी बसाल बुधवार सुबह सवा सात बजे अपने किसी काम के सिलसिले ऊना बस अडडा पर पहुंची थी। महिला जब बस अडडा के एंट्री गेट के पास खड़ी थी तो उसी दौरान पंजाब रोड़वेज की बस पीबी65एटी2916 आई। जैसे ही बस चालक ने बस को आईएसबीटी में प्रवेश किया तो महिला बस की चपेट में आ गई और महिला बस के नीचे आने से बुरी तरह से कुचल हो गई।

इसके बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो चालक ने बस रोकी और अन्य लोगों की सहायता से महिला को बस के नीचे से बाहर निकाला गया। इसके पश्चात बस चालक मनोहर लाल निवासी वालेबाल जिला रोपड़ ने अन्य लोगों की सहायता से महिला को एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने महिला को प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।