PM Modi Dehradun Visit: 14 अप्रैल को देहरादून आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, दिल्ली-एक्सप्रेसवे का करेंगे लोकार्पण; 13 जोन में बंटा रूट
देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। 14 अप्रैल को होने वाले पीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में हाई-लेवल बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया।
आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक 13 जोन में सुरक्षा घेरा
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे रूट को 13 जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जिलाधिकारी ने जोनल और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आशारोड़ी से लेकर गढ़ीकैंट तक का पूरा मार्ग त्रुटिहीन और चाक-चौबंद होना चाहिए। प्रशासन का अनुमान है कि पीएम मोदी के रोड शो और स्वागत के लिए हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर सकते हैं।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का होगा तोहफा
प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले गणेशपुर में बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचेंगे। मुख्य कार्यक्रम गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड (जसवंत ग्राउंड) में आयोजित होगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, मोबाइल शौचालय, पार्किंग और माइक्रो-रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था समय पर पूरी कर ली जाए।
सांस्कृतिक रंग में रंगेगी देवभूमि
पीएम मोदी के स्वागत को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने खास तैयारी की है। पूरे सड़क मार्ग पर चिह्नित स्थलों पर स्थानीय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और पहाड़ी लोक नृत्यों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रधानमंत्री के सामने पेश की जाएगी।
प्रशासन की तैयारी के मुख्य बिंदु:
भीड़ प्रबंधन: महिंद्रा ग्राउंड में प्रवेश और निकास के लिए अलग से निगरानी रखी जाएगी।
यातायात नियंत्रण: रूट पर ट्रैफिक डाइवर्जन और पार्किंग के लिए पुलिस विभाग को विशेष प्लान बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता: नगर निगम को पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया है।
बैठक में नगर आयुक्त नमामी बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह और सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक केएस चौहान सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे।