'या अली' फेम सिंगर जुबिन गर्ग का दुखद निधन, स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसे में हुई मौत
बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन गर्ग का 52 साल की उम्र में दुखद निधन हो गया है। खबरों के मुताबिक, जुबिन सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग का आनंद ले रहे थे, तभी एक हादसा हो गया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। गौरतलब है कि उन्हें आज नॉर्थईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करना था।
असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने ज़ुबिन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, “ज़ुबिन गर्ग का संगीत पीढ़ियों के लिए खुशी और प्रेरणा लेकर आया। उनके निधन से एक ऐसा शून्य पैदा हुआ है जिसे कभी नहीं भरा जा सकता। असम ने अपना एक लाडला बेटा खो दिया है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। ओम शांति।”
ज़ुबिन की संगीत यात्रा
1972 में मेघालय में जन्मे ज़ुबिन बोरठाकुर ने 1990 के दशक में अपना स्टेज नाम ज़ुबिन गर्ग अपनाया। 1995 में वे मुंबई आए और अपना पहला इंडीपॉप एल्बम, "चाँदनी रात" रिलीज़ किया। फिल्म 'गैंगस्टर' (2006) का उनका गाना 'या अली' बॉलीवुड में खूब लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा, उन्होंने 'दिल से' (1998), 'फ़िज़ा' (2000), 'डोली सजा के रखना' (1998) और 'कांटे' (2002) जैसी फिल्मों के लिए यादगार गाने गाए।
ज़ुबिन के संगीत ने न केवल असम में, बल्कि पूरे भारत में लोगों का दिल जीत लिया। उनका निधन संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी विरासत उनके गीतों के माध्यम से हमेशा जीवित रहेगी।