अब बाहर के लोग आपकी नुमाइंदगी नहीं करेंगे : गुलाम अहमद मीर

रांची, 06 मई (हि. स.)। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि अब बाहर के लोग आपकी नुमाइंदगी नहीं करेंगे। यहां के लोग बाहरी लोगों को बाहर भेजेंगे, जो बाहर के लोग आपकी नुमाइंदगी करते हैं, वे जल-जंगल-जमीन और सरना कोड की बात नहीं करते।

मीर सोमवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में इंडी गठबंधन के तत्वावधान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार यशस्विनी सहाय के बारे में बताया कि झारखंड के दर्द को समझने वाले को आपके सामने पेश किया गया है। परिवार के कारण नहीं बल्कि होनहार के कारण इन्हें लाया गया है। उन्होंने कहा कि पहले फेज में 102 और दूसर फेज में 82 क्षेत्रों पर कुल 184 सीटों पर मतदान हुआ। मीडिया सर्वेक्षण में आया कि 184 सीटों में से 125 सीटें इंडी गठबंधन को जाती दिख रही हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि मोदी तुम्हारी घंटी बज चुकी है। 2024 चुनाव के बाद लोगों को न्याय मिलेगा। भाजपा नेता कह रहे हैं कि 400 पार के बाद संविधान बदलना है। सूरत में 12 प्रत्याशियों का नामांकन रद्द कर भाजपा उम्मीदवार को निर्विरोध जीत दिला दिया गया।

यशस्विनी सहाय ने कहा कि मैं झारखंड की बेटी हूं और खतियानी हूं। लोगों की परेशानी दूर करने की मंशा से ही मैंने कानून की पढ़ाई की और आज भी मैं आपकी सेवा करना चाहती हूं। राहुल गांधी के न्याय पत्र में महिलाओं, किसानों, मजदूरों और बेरोजगारों की समस्याओं को दूर करने की बात कही गई है। 10 वर्ष राज करने के बाद भी केंद्र सरकार ने देश को बदतर स्थिति में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आपकी शक्ति ही हमें आगे ले जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि देश खतरनाक दौर से गुजर रहा है। लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए लड़ाई तो लड़नी ही पड़ेगी। मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि वोट का अधिकार संविधान ने दिया है और आज उसी संविधान को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। आज बेरोजगारों की तादाद एक करोड़ से बढ़कर चार करोड़ हो गई है।