महापौर ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का दिलाया संकल्प

प्रयागराज, 15 फरवरी (हि.स.)। सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रत्येक हकदार को मिले इसी उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा की वैन आज प्रथम सत्र में सीओडी रोड नैनी तथा द्वितीय सत्र में रोटरी पार्क मुट्ठीगंज पहुंची।

प्रथम सत्र के कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिंक टायलेट और पिंक पुलिस बूथ की व्यवस्था की गयी है। उन्हांने कहा कि सरकार वेडिंग जोन बनाकर लोगों को रोजगार के अवसर मुहैया करा रही। महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र ने कहा मोदीजी की गारंटी वैन के साथ लगाये गये कल्याणकारी स्टालों के माध्यम से क्षेत्र के पात्र लोगों को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा जन आन्दोलन के रूप में आगे बढ़ रही है।

द्वितीय सत्र में रोटरी पार्क मुट्ठीगंज में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि योजनाओं से रूबरू करने और उसका लाभ प्राप्त करने के लिए विभिन्न विभागों के स्टाल लगाये गये हैं। सभी लोग उसका फायदा उठायें। इस अवसर पर प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने उपस्थित लोगों को भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के नोडल अधिकारी (भारत सरकार) राम मूरत विश्वकर्मा ने बताया कि 08 फरवरी से प्रतिदिन दो निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रमो का आयोजन किया जा रहा है। 16 फरवरी को प्रथम सत्र में आर्य कन्या चौराहा तथा द्वितीय सत्र में सब्जी मण्डी तिराहा गोविन्दपुर में कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को विकसित भारत से सम्बंधित 2024 का कैलेण्डर, बुकलेट, फ्लायर आदि उपलब्ध कराया गया।