LPG Booking New Rules 2026: जंग के हालातों के बीच बड़ा फैसला! अब 25 दिन से पहले नहीं बुक होगा गैस सिलेंडर, कालाबाजारी पर सरकार की 'स्ट्राइक'
नई दिल्ली, ब्यूरो।दुनिया भर में बढ़ते जियो-पॉलिटिकल तनाव और मिडिल ईस्ट में ईरान-इजराइल के बीच जारी युद्ध की आहट अब सीधे आपकी रसोई तक पहुँच गई है। वैश्विक सप्लाई चेन में आ रही चुनौतियों और घरेलू स्तर पर गैस की जमाखोरी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने LPG बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है। सरकार ने रिफिल बुकिंग के बीच के अनिवार्य अंतर (Lock-in period) को 21 दिन से बढ़ाकर अब 25 दिन कर दिया है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब एक सिलेंडर लेने के बाद आप अगले 25 दिनों तक दूसरी बुकिंग नहीं कर पाएंगे।
जमाखोरी और अफरा-तफरी रोकने के लिए लिया गया फैसला
सरकार को मिली खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युद्ध की खबरों के बीच कई लोग जरूरत से ज्यादा स्टॉक दबाने की कोशिश कर रहे थे। चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं कि जो उपभोक्ता पहले औसतन 55 दिनों में एक सिलेंडर बुक करते थे, उन्होंने घबराहट में महज 15 दिनों के भीतर ही दोबारा बुकिंग करना शुरू कर दिया था। इस अफरा-तफरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार ने बुकिंग का समय अंतराल बढ़ाने का सख्त निर्णय लिया है।
घरेलू उपभोक्ता 'प्रायोरिटी' पर, रिफाइनरियों को प्रोडक्शन बढ़ाने के आदेश
सूत्रों के मुताबिक, सरकार का रुख स्पष्ट है—"घरेलू कंज्यूमर हमेशा प्राथमिकता रहेंगे।" आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने तेल रिफाइनरियों को LPG उत्पादन (Production) बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कंपनियों को आदेश दिया गया है कि वे कमर्शियल कनेक्शन के बजाय घरेलू LPG को प्राथमिकता दें। भारत सरकार नए LPG पार्टनर देशों की भी तलाश कर रही है ताकि वैश्विक संकट के बावजूद देश में गैस की कमी न होने पाए।
ब्रेंट क्रूड $100 के पार, पर भारत में नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
कच्चे तेल (Brent Crude) के बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। 9 मार्च को कच्चे तेल की कीमतें $100 प्रति बैरल के पार निकल गईं और एक समय यह $120 तक पहुँच गई थीं, हालांकि बाद में यह $102 के आसपास स्थिर हुईं। इसके बावजूद, सरकारी अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के पास बढ़ती लागत को संभालने की पर्याप्त क्षमता है, इसलिए जनता को घबराने या पैनिक बुकिंग करने की कोई जरूरत नहीं है।
ईंधन का पर्याप्त भंडार, घबराने की जरूरत नहीं
देश के हर छोटे-बड़े शहर में पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, देश में पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन (ATF) का पर्याप्त भंडार मौजूद है। सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि सप्लाई चेन में कोई बाधा न आए।